गाजियाबाद के हिंडन विहार में 18 करोड़ रुपये की लागत से एक शॉपिंग आर्केड बनाया जाएगा। इसका शिलान्यास बृहस्पतिवार को महापौर सुनीता दयाल ने किया। नगर निगम द्वारा आठ हजार स्क्वायर भूमि पर बनाए जाने वाले इस दो मंजिला आर्केड का उद्देश्य दूधेश्वर नाथ कॉरिडोर के लिए मंदिर के आसपास की दुकानों को विस्थापित करना है।
महापौर ने बताया कि आर्केड में 4 बाई 6 मीटर आकार की कुल 128 दुकानें बनेंगी, जिनमें से 64 दुकानें पहले तल पर और 64 दूसरे तल पर होंगी। इसके अलावा नौ गोदाम, पार्किंग और शौचालय आदि सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी, ताकि वहां व्यापार करने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और वे अपना व्यापार आगे बढ़ा सकें।
आर्केड को बनाने में एक वर्ष का समय लगेगा। वहीं, भगवान बाल्मीकि सभागार भी उसी स्थान पर बना हुआ है, जिसे नगर निगम का निर्माण विभाग सम्पत्ति विभाग को हस्तांतरित करेगा। इसकी रसीद कटेगी और जनता उस भवन में अपने व्यक्तिगत व सामाजिक कार्यक्रम भी कर सकेगी।
इस अवसर पर पार्षद जय किसान, सहायक अभियंता कुलदीप त्यागी, अवर अभियंता प्रीति बंसल आदि उपस्थित रहे।
