दिवाली के दौरान मुंबई में आग लगने की 300 से अधिक घटनाओं और ध्वनि व वायु प्रदूषण में बढ़ोतरी को बॉम्बे हाईकोर्ट ने चिंताजनक बताया है। अदालत ने पटाखे फोड़ने पर प्रतिबंध का दायरा बढ़ाने पर विचार किया है। न्यायमूर्ति गिरीश कुलकर्णी और न्यायमूर्ति नीला गोखले की पीठ ने गुरुवार को कहा कि अगर लोग संवेदनहीन बने रहे और नागरिक जिम्मेदारी का परिचय नहीं दिया, तो केवल सामूहिक रूप से पटाखे फोड़ने की अनुमति दी जाएगी।

पीठ ने कहा कि शहर को जहरीले प्रदूषण से मुक्त करने का यही एकमात्र समाधान हो सकता है। अदालत ने कहा, 'हम प्रदूषण से जूझ रहे हैं। यहां वाहनों और औद्योगिक प्रदूषण की समस्या भी है। हमें शहर को रहने लायक बनाना होगा। दूसरों का स्वास्थ्य हमारी मुख्य चिंता है।' पीठ ने अगस्त से अब तक कई आदेश जारी कर सार्वजनिक सड़कों पर पटाखे फोड़ने पर रोक लगाई है।

दिवाली के दौरान आग लगने की घटनाओं का जिक्र करते हुए अदालत ने कहा कि ऐसा लगता है कि लोगों ने अपना व्यवहार नहीं बदलने का फैसला कर लिया है। अदालत ने कहा, 'हमें शहर के लाखों नागरिकों के व्यापक हित में कुछ कड़े आदेश पारित करने होंगे। रात तीन बजे तक ध्वनि प्रदूषण का स्तर बहुत अधिक था। हमें इस समस्या को शुरुआत में ही रोकना होगा और इसका एकमात्र तरीका शहर में सभी पटाखों पर प्रतिबंध लगाना है।'

पीठ ने कहा कि इस तरह के उत्सव नहीं हो सकते, जिनसे लोगों और संपत्ति को नुकसान पहुंचे। अदालत को बताया गया कि दिवाली के दौरान मुंबई में आग लगने की 300 से अधिक घटनाएं सामने आईं। अदालत ने कहा, 'दिवाली के दौरान प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक था। बुजुर्ग नागरिकों का क्या होगा? स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। दूसरों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है।' पीठ ने मामले की अगली सुनवाई और आदेश के लिए सात दिसंबर की तारीख तय की है।