श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन निर्वाण ने महामंडलेश्वर करौली शंकर को अखाड़े की परंपरा के विरुद्ध काम करने के आरोप में निष्कासित कर दिया है। यह निर्णय मंगलवार को प्रयागराज के मुट्ठीगंज स्थित अखाड़े के आश्रम में हुई बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता अखाड़े के सचिव श्रीमहंत जगतार मुनि ने की।
जगतार मुनि के अनुसार, कानपुर निवासी करौली शंकर को आठ माह पहले हरिद्वार में सूक्ष्म रूप से महामंडलेश्वर की उपाधि दी गई थी और हरिद्वार कुंभ में उनका विधिवत पट्टाभिषेक किया जाना था। आरोप है कि इससे पहले उन्होंने अखाड़े की अनुमति के बिना हरिद्वार में दंडवत यात्रा निकाली, पंचों की अनदेखी करते हुए अपनी पूजा कराई और झाड़-फूंक को बढ़ावा देकर पाखंड किया। अखाड़े के विरुद्ध बयानबाजी का भी आरोप उन पर लगाया गया है।
बैठक में कहा गया कि भविष्य में ऐसी गतिविधियां न हों, इसके लिए एक जांच कमेटी गठित की जाएगी। बड़ा उदासीन अखाड़ा के मुखिया महंत दुर्गा दास ने कहा कि हर महामंडलेश्वर और संतों की गतिविधियों की जांच होगी और पाखंड को बढ़ावा देने वालों को बाहर किया जाएगा। निर्मल अखाड़ा के संत ज्ञान सिंह ने कहा कि हर संत अखाड़े की परंपरा से बंधा है। कार्यक्रम का संचालन राजेश केसरवानी ने किया।
