26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर उत्तर प्रदेश के सभी सरकारी, एडेड और वित्तविहीन विद्यालयों में सुबह 8.55 से 9.05 बजे तक 'एक स्वर-एक संविधान' कार्यक्रम के तहत भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन होगा। राज्य में इस आयोजन को नया कीर्तिमान बताया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को संविधान के महत्व, मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों और कानूनी संरक्षण के प्रति जागरूक करना है।
वाचन के बाद कक्षा नौवीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए 'संविधान संवाद' के तहत प्रतियोगिता आयोजित होगी। यह प्रतियोगिता सुबह 11 बजे से दोपहर 12 बजे तक चलेगी और एक बजे विजेताओं के नाम की घोषणा की जाएगी। प्रतियोगिता दो वर्गों में होगी—जूनियर वर्ग में कक्षा नौवीं और 10वीं तथा सीनियर वर्ग में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी शामिल होंगे।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देश पर विद्यालयों को पत्र जारी किया गया है। अभियान के तहत हर विद्यालय में विधिक साक्षरता क्लब बनाया जाएगा, जो आगे भी विद्यार्थियों को कानून के प्रति जागरूक करता रहेगा। प्रधानाचार्य एक नामित शिक्षक को क्लब का प्रभारी और अभियान का नोडल अधिकारी बनाएंगे। क्लब के सदस्यों का चयन कर उनके संकल्प और गतिविधियों का रजिस्टर भी तैयार किया जाएगा। मुख्यालय या तहसील स्तर पर 50 से 100 शिक्षकों के बैच में एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित करने की बात कही गई है, ताकि विद्यालयों और विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच स्थायी समन्वय बन सके।
संविधान संवाद में विद्यार्थियों को संविधान निर्माण और संविधान निर्माताओं के योगदान, प्रस्तावना, मौलिक अधिकारों तथा अनुच्छेद 32 और 226 के जरिए संवैधानिक उपचार की भूमिका के बारे में बताया जाएगा। राज्य के अंगों, चुनाव, राज्य के नीति-निर्देशक तत्वों और मौलिक कर्तव्यों पर भी चर्चा होगी और विधिक हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी जाएगी। संविधान दिवस पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और पुरस्कार वितरण के साथ अभियान का समापन होगा, लेकिन विधिक साक्षरता क्लब पूरे वर्ष सक्रिय रहकर जागरूकता वार्ता, वाद-विवाद, निबंध और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित करते रहेंगे।
