मद्रास हाई कोर्ट की मदुरई बेंच ने तिरुप्परनकुंद्रम में लगाए गए निषेधाज्ञा आदेशों को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई के दौरान मदुरै कलेक्टर के व्यक्तिगत रूप से पेश होने तक किसी की बात न सुनने का रुख अपनाया। कोर्ट ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के दायरे से बाहर नहीं जा सकता, लेकिन अधिकारियों को उन आदेशों को लागू करने का निर्देश दे सकता है।
सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में मदुरई जिले के तिरुप्परनकुंद्रम स्थित मुरुगन मंदिर के पास दीपथून पर कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर एक बार कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने का अंतरिम आदेश दिया है और इसके लिए जिला कलेक्टर को अधिकृत किया है। इस कार्यक्रम को देखते हुए कलेक्टर ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत सोमवार रात 9 बजे से बुधवार सुबह 10 बजे तक कई प्रतिबंध लगाए हैं। यह ऐसे समय में हुआ है जब कई संगठन दीप प्रज्वलन का विरोध कर रहे हैं, जबकि कुछ संगठन दीप जलाने के लिए मदुरै जाने की कोशिश कर रहे हैं।
कुछ संगठनों ने इन निषेधाज्ञा आदेशों को चुनौती देते हुए मद्रास हाई कोर्ट की मदुरई बेंच में याचिका दायर की। जस्टिस जीआर स्वामीनाथन और जस्टिस एमडी सुमति की बेंच ने दोपहर करीब 12.30 बजे सुनवाई शुरू की। जस्टिस स्वामीनाथन ने कलेक्टर के कोर्ट में पेश न होने पर सवाल उठाया और कहा कि उनका दफ्तर कोर्ट से केवल 3 किलोमीटर दूर है। कलेक्टर की ओर से पेश वरिष्ठ वकील गोपाल शंकरनारायण ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट भी इस मामले को देख रहा है, इसलिए याचिकाएं वहीं भेजी जानी चाहिए। कोर्ट ने कहा कि जब तक कलेक्टर खुद पेश नहीं होते, तब तक वह वकील की बात नहीं सुनेगा।
कुछ ही देर बाद मदुरै कलेक्टर कोर्ट में पेश हुए और सुनवाई फिर शुरू हुई। याचिकाकर्ता के वकील ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट ने 20 नवंबर को विस्तृत आदेश पारित किया है, जिसमें कहा गया है कि जरूरत पड़ने पर राज्य सरकार CRPF की मदद ले सकती है। कोर्ट ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के आदेशों के दायरे से बाहर नहीं जा सकता, लेकिन कलेक्टर, जिला आयुक्त और मंदिर प्रशासन को उन आदेशों को लागू करने का निर्देश दे सकता है। जस्टिस स्वामीनाथन ने कहा कि पहाड़ी की चोटी पर दीपक जलाने और गिरिवलम करने के लिए लोग उस इलाके में जाएंगे, और अनुच्छेद 25 के तहत मिलने वाले अधिकारों के इस्तेमाल में बाधा नहीं बननी चाहिए। मामले की अगली सुनवाई शाम 4 बजे तय की गई।
उधर, हिंदू संगठन 'हिंदू मुन्नानी' के कई नेताओं और सदस्यों को उस समय हिरासत में ले लिया गया, जब वे तिरुप्परनकुंद्रम में दीपथून पर कार्तिगई दीपम प्रज्ज्वलित करने संबंधी सुप्रीम कोर्ट के निर्देश का पालन सुनिश्चित करने की मांग करते हुए मदुरै जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि संगठन के सदस्यों को कराईकुडी और अन्य इलाकों में उस समय हिरासत में लिया गया, जब वे अग्नि कलश और 'वेल' लेकर पहाड़ी की चोटी पर पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित करने के लिए जाने का प्रयास कर रहे थे। तिरुपुर में संगठन की तमिलनाडु इकाई के अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम के सामने बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती से कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। तिरुनेलवेली में पुलिस ने हिंदू मुन्नानी के तीन पदाधिकारियों को भी एहतियातन हिरासत में लिया है।
