तमिलनाडु के मदुरै में कार्तिगई दीपम उत्सव को लेकर तनाव बना हुआ है। तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर दीपस्तंभ पर दीप जलाने की सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। मंगलवार को इलाके में 5,618 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। वहीं, बीजेपी ने दावा किया है कि उसके प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन समेत करीब 750 पार्टी नेताओं और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों को नजरबंद किया गया है।
मुख्यमंत्री विजय थलपति के नेतृत्व वाली सरकार के सामने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का पालन कराने के साथ कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने की चुनौती है। इस धार्मिक आयोजन को लेकर राज्य में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं।
आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को दक्षिणी जिलों के 12 पुलिस अधीक्षकों की अगुवाई में कुल 5,618 पुलिसकर्मियों को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा के लिए 70 से अधिक सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। संवेदनशील स्थानों पर बम निरोधक दस्ते जांच कर रहे हैं। इससे पहले सोमवार को मुख्यमंत्री विजय ने चेन्नई स्थित राज्य सचिवालय में वरिष्ठ कानूनी और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की थी। इसमें आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। बैठक में कानून मंत्री आर नर्मल कुमार, एडवोकेट जनरल विजय नारायण और पुलिस महानिदेशक महेश कुमार अग्रवाल शामिल हुए।
बीजेपी ने आरोप लगाया है कि उसके नेताओं और हिंदू मुन्नानी के पदाधिकारियों को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी तक पहुंचने से रोकने के लिए नजरबंद किया जा रहा है। तमिलनाडु बीजेपी के आईटी और सोशल मीडिया विंग के प्रदेश सचिव शक्ति कृष्णन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कई नेताओं को घरों में नजरबंद किए जाने का दावा किया। उनके मुताबिक तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन को उनके घर में नजरबंद किया गया है। उनके आवास के बाहर 40 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। दक्षिण तमिलनाडु के चार जिलों में बीजेपी और हिंदू मुन्नानी के करीब 750 पदाधिकारियों को घरों से बाहर निकलने से रोका गया है। बीजेपी नेताओं राजसिम्हा और विनोज को भी तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी की ओर जाने से रोकने का आरोप लगाया गया है। शक्ति कृष्णन ने विजय सरकार पर लोगों को पूजा-अर्चना के अधिकार से वंचित करने का आरोप लगाया। हालांकि, ये सभी दावे बीजेपी नेता की ओर से सोशल मीडिया पर किए गए हैं।
प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पूरे मदुरै जिले में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है। जिला कलेक्टर निशांत कृष्णा की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, सोमवार रात 9 बजे से 25 नवंबर की सुबह 10 बजे तक कई गतिविधियों पर प्रतिबंध रहेगा। इसके तहत लोगों के इकट्ठा होने, प्रदर्शन, जुलूस और सार्वजनिक सभाओं पर रोक रहेगी और तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर चढ़ने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन को खुफिया इनपुट मिले थे कि मदुरै और आसपास के जिलों के दो समुदायों के लोग बड़ी संख्या में जुट सकते हैं, जिससे टकराव और सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका जताई गई थी। आदेश में तिरुपरंकुंद्रम मंदिर प्रशासन की ओर से अधिकृत धार्मिक समारोहों और अनुष्ठानों तथा सुप्रीम कोर्ट के 20 नवंबर के आदेश के तहत होने वाली गतिविधियों को छूट दी गई है। पहाड़ी पर स्थित दरगाह और अन्य संस्थानों तक पहुंच तथा पहले से जारी धार्मिक गतिविधियों को भी पुलिस के नियमन के अधीन अनुमति दी गई है। इसके अलावा, मदुरै सिटी पुलिस कमिश्नर ने 23 और 24 नवंबर को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी और आसपास के इलाकों को ड्रोन और मानवरहित हवाई वाहनों (UAV) के लिए रेड जोन घोषित किया है।
कार्तिगई दीपम विवाद की जड़ तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपथून’ पर दीप जलाने की परंपरा से जुड़ी है। यह स्तंभ पहाड़ी पर स्थित सिकंदर बदुशा दरगाह के पास है। विवाद नवंबर 2025 में उस समय शुरू हुआ था, जब त
