सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि जिस आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड हो और जिसे पहले भी किसी अपराध में दोषी ठहराया जा चुका हो, उसे केवल जल्द सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत नहीं दी जा सकती। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस चंद्रशेखर की बेंच ने यह टिप्पणी पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट के उस आदेश को रद्द करते हुए की, जिसमें हत्या के एक मामले के आरोपी को जमानत दी गई थी।

बेंच ने कहा कि जल्द सुनवाई का अधिकार संविधान के अनुच्छेद 21 का हिस्सा माना जाता है, लेकिन जब आरोपी किसी गंभीर अपराध में शामिल हो, तो उसके अधिकारों के साथ समाज के हितों को भी ध्यान में रखना जरूरी होता है, जिनमें पीड़ित और उसके परिवार के हित भी शामिल हैं। पीठ ने कहा कि जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट को आरोपी की पिछली दोषसिद्धि और अन्य आपराधिक मामलों में उसकी संलिप्तता के बारे में नहीं बताया गया।

सुप्रीम कोर्ट ने 18 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि ऐसे अपराधी को केवल त्वरित सुनवाई के अधिकार के आधार पर जमानत पर रिहा नहीं किया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि अदालत का कर्तव्य है कि वह त्वरित सुनवाई के अधिकार और सामाजिक हित के बीच संतुलन बनाए रखे, खासकर तब जब व्यक्ति कई अपराधों में शामिल हो और हाई कोर्ट के सामने गलत बयान देकर जमानत हासिल की हो। यह आदेश मृतक के पिता द्वारा दायर अपील पर सुनवाई करते हुए दिया गया।

शिकायतकर्ता ने तर्क दिया कि हाई कोर्ट को मामले के सभी पहलुओं पर विचार करना चाहिए था, जिसमें आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड और यह तथ्य भी शामिल है कि उसे हत्या के प्रयास के एक मामले में दोषी ठहराया जा चुका था। सुप्रीम कोर्ट ने पाया कि आरोपी ने हाई कोर्ट में दो जगहों पर कहा था कि वह मौजूदा मामले के अलावा किसी अन्य मामले में शामिल नहीं है, जबकि उसने अपनी पिछली दोषसिद्धि छिपाई थी। बेंच ने कहा कि मौजूदा अपराध तब किया गया, जब आरोपी उस मामले में जमानत पर था। अपील स्वीकार करते हुए पीठ ने हाई कोर्ट का आदेश रद्द कर दिया और आरोपी को एक सप्ताह के भीतर संबंधित अदालत के समक्ष आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।