दिल्ली के ऐतिहासिक अक्षरा थिएटर का परिसर दीवाली के अगले दिन से सीवेज के पानी में डूबा हुआ है। बाबा खड़क सिंह मार्ग स्थित इस परिसर में चौबीसों घंटे गंदा पानी जमा है, जिससे बदबू और मच्छरों के बीच थिएटर की गतिविधियां प्रभावित हो रही हैं। थिएटर की निदेशक अनुसुइया वैद्य के अनुसार यह समस्या पिछले तीन-चार वर्षों से बनी हुई है, लेकिन इस बार हालात ज्यादा खराब हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यह पानी ठीक बगल स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल की ओर से आ रहा है, जहां निर्माण के दौरान जमीन का स्तर ऊंचा कर दिया गया है। अस्पताल से पंप के जरिये निकाला गया सीवेज थिएटर के गेट के पास बने मैनहोल से परिसर में पहुंच जाता है। अस्पताल का सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट बंद होने से भी समस्या बढ़ी है।

थिएटर की निदेशक ने बताया कि ब्रिटिश काल की आठ इंच की पुरानी सीवर लाइनें पानी का दबाव नहीं झेल पा रही हैं। लगातार जलभराव से ऐतिहासिक इमारत की नींव को नुकसान पहुंचने की आशंका है। थिएटर में पांच से छह वर्ष के बच्चे अभिनय और कला सीखने आते हैं, जिनके लिए गंदे पानी के बीच आना-जाना स्वास्थ्य के लिए खतरा बन गया है। दर्शकों को भी परिसर में प्रवेश के लिए अस्थायी रैंप का सहारा लेना पड़ रहा है। चिंता की बात यह है कि थिएटर के गेट के बाहर स्ट्रीट वेंडर खाना बनाते और बेचते हैं, साथ ही ट्रकों से भोजन का वितरण भी होता है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है।

निदेशक के मुताबिक मुख्यमंत्री, उपराज्यपाल, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय, आरएमएल अस्पताल प्रशासन, एनडीएमसी और सीपीडब्ल्यूडी तक शिकायत की जा चुकी है। एनडीएमसी ने पुरानी सीवर लाइन बदलकर चार फीट की नई लाइन डालने का प्रस्ताव पास कर टेंडर भी स्वीकृत कर दिया है, लेकिन वर्षा और ग्रैप प्रतिबंधों का हवाला देकर काम शुरू नहीं किया जा रहा। उनका कहना है कि जल्द स्थायी समाधान न निकलने पर सीवेज का पानी मुख्य इमारत तक पहुंच सकता है और ऐतिहासिक थिएटर को अपूरणीय नुकसान हो सकता है। इस मामले पर एनडीएमसी के अधिकारियों से संपर्क किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला।