चंडीगढ़: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ बीजेपी नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पार्टी में अपनी अनदेखी को लेकर एक बार फिर दर्द जताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी में शामिल हुए उन्हें पांच साल हो चुके हैं, लेकिन इस दौरान दिल्ली या पंजाब में किसी ने भी राज्य की राजनीति को लेकर उनसे चर्चा नहीं की। यहां तक कि यह भी नहीं बताया गया कि पार्टी पंजाब में उनकी सेवाओं का इस्तेमाल किस तरह करना चाहती है। उन्होंने बताया कि हाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान उन्होंने सीधे पूछा था कि क्या पार्टी को अब भी उनकी जरूरत है।

पीएम मोदी के साथ हुई बातचीत का जिक्र करते हुए अमरिंदर सिंह ने कहा कि उन्होंने पूछा था, 'सर, क्या आपको मेरी जरूरत है?' इस पर प्रधानमंत्री ने उनसे सवाल किया कि उनका क्या मतलब है। अमरिंदर ने जवाब दिया कि बीजेपी में आए उन्हें पांच साल बीत चुके हैं, लेकिन पार्टी ने पंजाब की राजनीति में उनकी भागीदारी को लेकर कभी कोई पहल नहीं की। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री ने उनकी शिकायतों पर कहा कि पार्टी इस मामले को देख रही है, जिस पर उन्होंने जवाब दिया कि पांच साल तक इंतजार करना काफी लंबा समय है। मुलाकात के बाद बीजेपी के पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया ने उन्हें फोन कर चंडीगढ़ आकर मिलने की बात कही।

बीजेपी के काम करने के तरीके पर टिप्पणी करते हुए कैप्टन ने कहा कि पार्टी अपने पुराने नेताओं पर ज्यादा भरोसा करती है और उन्हीं को आगे बढ़ाती है। उन्होंने दावा किया कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात का समय हासिल करना भी बेहद मुश्किल है और कई बार साल में सिर्फ एक बार ही शीर्ष नेताओं से मिलने का अवसर मिल पाता है। उन्होंने बताया कि दिल्ली में उनसे यह भी कहा गया था कि यह समस्या केवल पंजाब तक सीमित नहीं है और दूसरे राज्यों से बीजेपी में शामिल हुए कांग्रेस नेताओं को भी इसी तरह की स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।

इस दौरान अमरिंदर सिंह ने पंजाब कांग्रेस में चल रही खींचतान पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले पार्टी में कई गुट बन गए हैं और प्रताप सिंह बाजवा, चरणजीत सिंह चन्नी तथा परगट सिंह जैसे नेताओं के नेतृत्व में अलग-अलग समूह सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने कांग्रेस के भीतर इस तरह का विभाजन पहले कभी नहीं देखा।