गुरुनानक जयंती के मौके पर लुधियाना के ताजपुर रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर पंकज कुमार ने मुफ्त पेट्रोल बांटने का अनोखा लंगर लगाया। पंप गुरुद्वारे के ठीक सामने था और देखते ही देखते वहां गाड़ियों की लंबी कतार लग गई। वायरल हो रहे वीडियो में पंकज भीड़ के बीच गाड़ियों का प्रबंधन करते नजर आ रहे हैं।

पंकज कुमार ने बताया कि उन्होंने यह राशि अपनी साल भर की कमाई के एक हिस्से से निकाली थी। POI Pulse के मुताबिक इस दौरान करीब 50 हजार से 60 हजार रुपये के बीच खर्च हुए। लंगर शुरू में एक घंटे के लिए लगाया गया था, लेकिन वह दो घंटे तक चलता रहा।

सिख समुदाय में गुरु नानक देव जी की सीखों का पालन किया जाता है और इन नियमों से दूसरों का जीवन आसान बनाने की कोशिश की जाती है। पंकज भी गुरुनानक जयंती पर इन सीखों को अपने तरीके से मानना चाहते थे। खाना खिलाने या कपड़े बांटने के बजाय उन्होंने पेट्रोल बांटने का फैसला किया।

इस वीडियो पर सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं भी देखने को मिल रही हैं। कुछ यूजर्स का कहना है कि मदद के और भी तरीके हो सकते थे। एक यूजर ने लिखा कि अस्पताल के बाहर खाना बंटवाया जा सकता था, तो किसी ने कहा कि इतने रुपयों में कई बच्चों की मदद हो सकती थी। एक यूजर ने इसे लंगर का मजाक बताया है।