ढाका: पाकिस्तान की यात्रा पर पहुंचे बांग्लादेश की संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद ने इस्लामाबाद में भारत विरोधी बयान दिया है। उन्होंने 1971 के मुक्ति युद्ध में भारत की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा कि भारत ने बंगालियों की मदद के लिए नहीं, बल्कि पाकिस्तान को कमजोर करने के मकसद से युद्ध में हिस्सा लिया था। बांग्लादेशी स्पीकर ने कश्मीर मुद्दे पर भी पाकिस्तान का सुर मिलाया और संयुक्त राष्ट्र के प्रस्ताव के अनुसार इसका समाधान निकालने पर जोर दिया। पाकिस्तान की धरती से उन्होंने भारत को मुस्लिम विरोधी देश बताया और भारत का नाम लिए बिना कहा कि बांग्लादेश पिछले 15 साल में एक पड़ोसी देश की कॉलोनी बन गया था।

हाफिज उद्दीन की इन टिप्पणियों से ढाका और इस्लामाबाद की बढ़ती नजदीकियां सामने आई हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी के सीनियर नेता हाफिज उद्दीन 1971 के युद्ध के समय पाकिस्तानी सेना में तैनात थे और उन्होंने पाकिस्तान मिलिट्री एकेडमी से प्रशिक्षण लिया था। तब बांग्लादेश को पूर्वी पाकिस्तान कहा जाता था। आजादी की लड़ाई शुरू होने के समय उनकी उम्र 27 साल थी।

वे जेसोर छावनी में ईस्ट बंगाल रेजीमेंट की पहली बटालियन में तैनात थे। बांग्लादेशी मीडिया आउटलेट प्रथम आलो को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया था कि सोच-विचार के बाद उन्होंने विद्रोह में शामिल होने का फैसला किया। अहमद 200 सैनिकों के साथ इस विद्रोह में शामिल हुए और बाद में मुक्ति युद्ध को संगठित करने में मदद की। उन्होंने सैनिकों के खिलाफ लड़ाई के लिए सैकड़ों छात्रों को मुक्ति सेना में भर्ती कराया। उनके योगदान के लिए उन्हें बीर बिक्रम वीरता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था और वे हाफिज उद्दीन अहमद 'बीर बिक्रम' के नाम से जाने जाते हैं।