ढाका: बांग्लादेश में पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की 16 दिसंबर को प्रस्तावित वतन वापसी से पहले तनाव बढ़ गया है। बांग्लादेशी सूत्रों के मुताबिक हालात काफी तनावपूर्ण और नाजुक बने हुए हैं। पुलिस ने शेख हसीना के पूर्व डिप्टी प्रेस सेक्रेटरी केएम सखावत मून, पूर्व डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद इलियास हुसैन और इनकम टैक्स वकील सूफी मोहम्मद अल मामून को गिरफ्तार किया है। वहीं गाजीपुर और नोआखली में दो सीनियर पुलिस अधिकारियों एसपी मो. अबुल कलाम आजाद और एएसपी मो. रकीबुल हसन को कथित तौर पर देश विरोधी हरकत के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। अब तक चार सीनियर पुलिस अधिकारी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में हजारों समर्थक सड़कों पर उतरे हैं। समर्थकों ने शेख मुजीबुर रहमान के स्मारक के पास गोपालगंज को आजाद करो के नारे लगाए। इसके बाद जमात-ए-इस्लामी के प्रमुख शफीकुर रहमान ने चेतावनी दी है कि जिले को अलग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ देशद्रोह का मुकदमा दर्ज किया जाएगा। अवामी लीग ने 27 और 28 नवंबर को देशव्यापी लॉकडाउन तथा 29 और 30 नवंबर को 48 घंटे के देशबंद का आह्वान किया है। गोपालगंज में ट्रेन सेवाएं रोक दी गई हैं और लॉकडाउन जैसे हालात हैं।

बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 109 प्लाटून सात जिलों में तैनात की गई हैं, जिनमें सबसे ज्यादा 56 प्लाटून गोपालगंज में हैं। गोपालगंज के तुंगीपाड़ा में 17 नवंबर को हुए बम हमले और आगजनी के मामले में 5,008 लोगों को आरोपी बनाया गया है। नवंबर में हिंसक घटनाओं में चार लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है और चार पुलिस थानों को जलाया गया है। पुलिस ने हिंसा के लिए अवामी लीग के कार्यकर्ताओं को जिम्मेदार ठहराया है।

अवामी लीग ने तारिक रहमान सरकार के सामने आठ सूत्री मांगें रखी हैं, जिनमें पार्टी और उसके छात्र संगठन पर लगा प्रतिबंध हटाना, शेख हसीना समेत पार्टी नेताओं पर दर्ज मुकदमे वापस लेना और राजनीतिक बंदियों की रिहाई शामिल है। सरकार ने साफ किया है कि शेख हसीना को देश लौटते ही गिरफ्तार किया जाएगा। गृहमंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने पुलिस महकमे में विद्रोह रोकने के लिए आंतरिक सुरक्षा बलों की निगरानी बढ़ाने के आदेश दिए हैं। एक सूत्र ने बताया है कि शेख हसीना को गिरफ्तार किया गया तो देश में गृहयुद्ध जैसे हालात बन सकते हैं।