लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को 28 आईपीएस अफसरों के तबादले की सूची जारी की। इस क्रम में गौतमबुद्ध नगर में तीन साल से पुलिस कमिश्नर रहीं लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद का पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त जे रविन्दर गौड़ को नोएडा का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। चुनाव आयोग के एक जिले में तीन साल से जमे प्रशासन और पुलिस विभाग के अफसरों और कर्मचारियों के तबादले के आदेश के बाद सरकार पिछले कई दिनों से लगातार तबादला सूची जारी कर रही है।

वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को अपर पुलिस महानिदेशक, स्थापना पद पर भेजा गया है। पुलिस महानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र किरण एस को वाराणसी का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा को अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन बनाया गया है, जबकि अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन प्रवीण कुमार को अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन भेजा गया है।

पुलिस उपमहानिरीक्षक, अलीगढ़ मंडल प्रभाकर चौधरी को पुलिस उपमहानिरीक्षक, लखनऊ परिक्षेत्र बनाया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र अभिषेक सिंह को इसी पद पर आगरा भेजा गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, आगरा शैलेश कुमार पाण्डेय को अलीगढ़ का पुलिस उपमहानिरीक्षक बनाया गया है। पुलिस उपमहानिरीक्षक, तकनीकी सेवाएं, लखनऊ आशीष तिवारी का तबादला पुलिस उपमहानिरीक्षक, सहारनपुर परिक्षेत्र के पद पर किया गया है।

अयोध्या के एसएसपी डॉ गौरव ग्रोवर को मुरादाबाद का एसएसपी बनाया गया है, जबकि सतपाल अंतिल अयोध्या के नए एसएसपी बने हैं। पुलिस उपायुक्त, गौतमबुद्ध नगर रहीं इलामारन को एसपी, मुख्यालय पुलिस महानिदेशक लखनऊ भेजा गया है और प्रीति यादव को नोएडा से पीएसी आगरा भेजा गया है। सेनानायक, 8वीं वाहिनी पीएसी, बरेली आकाश तोमर को एसपी, डॉ बीआर अम्बेडकर पुलिस अकादमी, मुरादाबाद भेजा गया है। सेनानायक, 23वीं वाहिनी पीएसी, मुरादाबाद अमित कुमार प्रथम को एसपी, ईओडब्ल्यू लखनऊ के पद पर तैनाती मिली है। सेनानायक, 15वीं वाहिनी पीएसी, आगरा नरेन्द्र कुमार सिंह को पुलिस अधीक्षक, पीटीएस, गोरखपुर बनाया गया है। सेनानायक, 36वीं वाहिनी पीएसी, वाराणसी डॉ अनिल कुमार पाण्डेय को एसपी, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ भेजा गया है। सेनानायक, 30वीं वाहिनी पीएसी, गोंडा त्रिभुवन सिंह का तबादला पुलिस अधीक्षक, जीआरपी मुख्यालय, लखनऊ के पद पर किया गया है। राजेश कुमार श्रीवास्तव को सेनानायक, 42वीं वाहिनी पीएसी, प्रयागराज के साथ-साथ पुलिस अधीक्षक, कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, लखनऊ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।