ब्राज़ील के अमेज़न जंगलों में दशकों से अलग-थलग रह रहे आवा समुदाय के लोगों के एक समूह के बाहरी दुनिया के संपर्क में आने की खबर सामने आई है। सोमवार 16 नवंबर को मारान्याव इलाके में आवा समुदाय के 20 लोग अरारिबोया आदिवासी क्षेत्र में बने एक सुरक्षा शिविर में पहुंचे। यह शिविर ब्राज़ील के राष्ट्रीय आदिवासी संस्थान फ़ुनाई का है। अब तक जंगल में अलग-थलग रहने वाले ये लोग तवारी गांव के गुआजाजारा यानी टेनेटेहार समुदाय के संपर्क में आए हैं। सर्वाइवल संस्था के मुताबिक़, गुआजाजारा समुदाय के लोगों ने आवा आदिवासियों को खाने के लिए कंद दिए।
आदिवासियों की ज़मीन के अधिकारों के लिए काम करने वाली संस्था सर्वाइवल ब्राज़ील की निदेशक सारा शेंकर ने इस खबर को चिंता की बात बताया है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा संकेत है, जो चिंता बढ़ाता है और ऐसी स्थिति नहीं देखनी चाहिए। शेंकर के मुताबिक़, आज जंगल में अलग-थलग रहने वाले आवा आदिवासी उन लोगों में शामिल हैं, जो कई दशकों तक अपने समुदाय के ख़िलाफ़ हुई हत्याओं और जनसंहार से बचते आए हैं। उन्होंने बताया कि इन लोगों की रोज़मर्रा की ज़िंदगी और जिन जंगलों में वे रहते हैं, उसमें सीधा रिश्ता है। उनका खाना, पानी, दवाएं और आध्यात्मिक जीवन, सब कुछ इसी जंगल से जुड़ा है। वे किसी एक जगह पर स्थायी रूप से नहीं रहते और जंगल में घूमते हुए शिकार करते और खाने की चीज़ें इकट्ठा करके गुज़ारा करते हैं।
शेंकर के मुताबिक़, जंगल लगातार काटे जा रहे हैं, जिससे सूखे इलाक़े बन रहे हैं और आग लगने का ख़तरा बढ़ रहा है। उन्होंने बताया कि हाल के वर्षों में अमेज़न के जंगलों में सूखे के मौसम के दौरान ऐसी आग देखी गई है। इसका असर केवल पेड़ों पर नहीं, आवा आदिवासियों के शिकार पर भी पड़ता है। पेड़ नहीं रहने के कारण जानवर या तो मर जाते हैं या दूसरी जगह चले जाते हैं, और जिन इलाक़ों में बड़े पैमाने पर निर्माण का काम चल रहा है, वहां शिकार करना और भी मुश्किल हो जाता है।
इससे पहले भी आवा आदिवासियों के एक समूह को जंगल छोड़ना पड़ा था। अमाकारिया, जकारेविज और इराहोवा नाम के तीन लोग, जो अलग-थलग रह रहे थे, जंगल में लकड़ी काटने वालों और बाहर से आकर बसने वालों की घुसपैठ के कारण एक दूसरे आदिवासी समुदाय के पास पनाह लेने को मजबूर हुए थे। शेंकर के मुताबिक़, जंगल में रहते हुए ही इन तीनों को सांस से जुड़ी बीमारियां, बुख़ार और टीबी हो गई थी और उनमें शिकार करने की ताक़त भी नहीं बची थी। इराहोवा ने ख़ुद सामने आकर बताया था कि वे लोग बहुत डरे हुए थे और ऐसी जगह फंस गए थे, जहां से कहीं नहीं जा सकते थे।
