मॉस्को: यूक्रेन युद्ध से सीख लेते हुए रूस ने अपने Su-57 पांचवीं पीढ़ी के स्टील्थ फाइटर जेट में कई बदलाव किए हैं। सामने आए वीडियो फुटेज के मुताबिक विमान के 101KS इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सूट को उन्नत बनाया गया है। रिपोर्टों के अनुसार इन बदलावों से जेट के लिए एक उन्नत एकीकृत डिफेंस सिस्टम तैयार हुआ है, जिसका मकसद युद्ध के दौरान विमान की ओर आ रही मिसाइलों को तेजी से पहचानना और नाकाम करना है।

Su-57 बनाने वाली रूसी कंपनी यूनाइटेड एयरक्राफ्ट कॉरपोरेशन (UAC) ने विमान के 101KS-U मिसाइल अप्रोच वार्निंग सिस्टम (MAWS) को उन्नत किया है। पहले यह सिस्टम केवल अल्ट्रावायलेट सेंसर का इस्तेमाल करता था, अब इसमें इन्फ्रारेड (IR) सेंसर चैनल भी जोड़ा गया है। इसके अलावा 101KS-O डायरेक्शनल इन्फ्रारेड काउंटरमेजर्स (DIRCM) में भी सुधार किए गए हैं। वीडियो में लेजर-आधारित सुरक्षा प्रणाली के सेंसर अपर्चर और कवरेज में बदलाव दिखे हैं। विमान के धड़ के चारों ओर लगे इलेक्ट्रो-ऑप्टिकल सेंसर का दायरा भी बढ़ाया गया है, जिससे पायलट को आसपास के क्षेत्र का लगभग गोलाकार दृश्य मिलता है।

यूक्रेन युद्ध में Su-57 को पश्चिमी देशों की मिसाइलों और उन्नत रडारों से मुकाबला करना पड़ा है। इसकी कमजोरियां दूर करने के लिए लगातार बदलाव किए गए और इसमें करीब 300 किलोमीटर रेंज वाली R-37 एयर-टू-एयर हाइपरसोनिक मिसाइल भी लगाई गई है। रिपोर्टों के अनुसार रूस अगले साल की शुरुआत में दो सीटों वाला Su-57 विमान भारत भेज सकता है। इससे पहले एरो इंडिया 2025 में भी Su-57 ने हिस्सा लिया था, और अब एरो इंडिया 2027 के लिए ट्विन सीटर वैरिएंट Su-57D भेजने पर विचार किया जा रहा है। रूस के प्रस्ताव में करीब दो दर्जन Su-57E विमानों का तुरंत ट्रांसफर और हिंदुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (HAL) की सुविधा में 100 विमानों तक स्थानीय उत्पादन शामिल बताया गया है। रूस ने सोर्स कोड साझा करने और भारत द्वारा स्वदेशी मिसाइलों के एकीकरण की इजाजत देने की भी बात कही है।