नई दिल्ली: अभिनेता विंदू दारा सिंह ने भारत में पाकिस्तानी सीरीज 'जो बचे हैं संग समेट लो' की रिलीज रोकने के लिए केंद्र सरकार की तारीफ की है। बातचीत में 'बिग बॉस' फेम अभिनेता ने कहा कि जब तक सीमा पर शांति नहीं है, तब तक पाकिस्तान को यहां बिजनेस देने का कोई तुक नहीं। उन्होंने कहा कि अगर पाकिस्तान भारत को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रहा है, तो उसे बिजनेस क्यों दिया जाए। खबरों के मुताबिक, यह सीरीज 4 दिसंबर, 2026 को रिलीज होनी है।

सूत्रों के अनुसार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स से कहा है कि वह सुनिश्चित करे कि पाकिस्तान से जुड़ा कोई भी कंटेंट भारतीय दर्शकों तक न पहुंचे। मंत्रालय ने इस सीरीज की रिलीज की संभावना को लेकर मिली शिकमतों के बाद अपनी 8 मई, 2025 की एडवाइजरी दोहराई है। सूत्रों के मुताबिक, पिछले साल जून में नेटफ्लिक्स ने मंत्रालय को बताया था कि उसने पाकिस्तान से जुड़ी कोई फिल्म या सीरीज भारत में उपलब्ध नहीं कराई है। इससे पहले ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर सीरीज को भारत में रिलीज न करने की मांग की थी।

अभिनेता मनोज जोशी ने भी केंद्र के निर्देश का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि एक भारतीय नागरिक के तौर पर देशहित सबसे पहले आता है और सरकार के फैसले का सम्मान किया जाना चाहिए। वहीं, अभिनेता गजेंद्र चौहान ने सवाल उठाया कि भारत में इस तरह का शो देखा ही क्यों जाना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्लेटफॉर्म इसे आगे बढ़ाता है तो इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं।

बता दें कि पाकिस्तानी लेखिका फरहत इश्तियाक ने 2013 में इसी नाम से एक उपन्यास लिखा था, जिसमें प्यार, रिश्तों और इंसानी जज्बात को अलग-अलग किरदारों और पीढ़ियों के जरिए दिखाया गया है। सीरीज का नाम शायर फैज अहमद फैज की गजल की एक पंक्ति से लिया गया है। फवाद खान अभिनीत इस सीरीज के भारत में रिलीज होने की चर्चा से फिल्म उद्योग में नई बहस छिड़ गई है।