मालदीव के राष्ट्रपति मोहम्मद मुइज्जू ने पाकिस्तान की यात्रा की है, जिसके बाद दोनों देशों के बीच मई 2027 से सीधी यात्री उड़ानें शुरू करने पर बातचीत तेज हो गई है। इस दौरे में रक्षा, समुद्री सहयोग, सूचना प्रौद्योगिकी, साइबर सुरक्षा और एआई जैसे क्षेत्रों में सहयोग को लेकर कुल 20 समझौतों पर हस्ताक्षर हुए हैं। पाकिस्तानी विशेषज्ञों का दावा है कि इस यात्रा से मालदीव में पाकिस्तान की भूमिका बढ़ने जा रही है।
विश्लेषकों के मुताबिक यह दौरा मालदीव में भारत के प्रभाव के लिए परीक्षा की घड़ी माना जा रहा है। उनका कहना है कि पाकिस्तान और चीन मिलकर भारत के लिए चुनौती बढ़ा रहे हैं। उल्लेखनीय है कि मुइज्जू ने भारतीय सेना के उन जवानों को हटा दिया था जो वहां हेलिकॉप्टर सेवा के लिए तैनात थे, और चीन के जासूसी जहाज अब अक्सर मालदीव आते रहते हैं।
मालदीव की भौगोलिक स्थिति इसे और संवेदनशील बनाती है। यह 8 डिग्री चैनल के बेहद करीब है, जो पूर्वी और दक्षिण पूर्वी एशिया को अफ्रीका, यूरोप और मिडिल ईस्ट से जोड़ता है। मालदीव अमेरिकी नेवल बेस डियागो गार्सिया से 640 किमी दूर है। देश में कुल 1190 द्वीप हैं, जिनमें से केवल 200 पर ही लोग रहते हैं।
भारतीय विशेषज्ञ मनोज जोशी के मुताबिक चीन मालदीव के अद्दू शहर के बंदरगाह का विकास और गादू द्वीप पर हाउसिंग सोसायटी बना रहा है। उनका कहना है कि चीन का इरादा मालदीव में एक नेवल बेस बनाने का है। रिटायर वाइस एडमिरल शेखर सिन्हा का कहना है कि इस पोर्ट की जगह बहुत खास है और चीन इसे अपनी सबमरीन के लिए ठिकाना बना सकता है तथा इसे अपने PEACE सबमरीन केबल नेटवर्क से जोड़ सकता है।
