पाकिस्तान में धार्मिक यात्रा के दौरान लापता बताए जा रहे जालंधर निवासी बिक्रम सिंह का अपने परिवार से संपर्क हो गया है। परिजनों के मुताबिक, बिक्रम सिंह ने फोन पर बताया कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और तीर्थयात्रियों के एक दूसरे समूह के साथ पाकिस्तान में धार्मिक स्थलों के दर्शन कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वह इस समूह के साथ गुरुद्वारा पंजा साहिब भी गए थे। फोन पर हुई बातचीत के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है।
बिक्रम सिंह उन तीन भारतीय सिख श्रद्धालुओं में शामिल थे, जिनके बारे में पाकिस्तान यात्रा के दौरान कोई जानकारी नहीं मिल पा रही थी। यह जत्था गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर 22 नवंबर को पाकिस्तान गया था। यात्रा के दौरान बिक्रम के मुख्य समूह से अलग होने की खबर सामने आई थी।
परिजनों ने बताया कि बिक्रम ने फोन पर अपनी आगे की यात्रा की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि उनकी योजना करतारपुर जाने की है, जहां वह एक टूर्नामेंट देखेंगे। इसके बाद वह दो दिन लाहौर में रुकेंगे। बिक्रम ने बताया है कि उनकी भारत वापसी 1 दिसंबर को निर्धारित है।
बताया जा रहा है कि बिक्रम के लापता होने की खबर गलतफहमी या गलत जानकारी के कारण सामने आई थी। परिवार से संपर्क होने के बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता खत्म हो गई है और अब परिजनों को उनके भारत लौटने का इंतजार है।
