अमेरिका में एंप्लॉयमेंट-बेस्ड ग्रीन कार्ड का इंतजार कर रहे भारतीय वर्कर्स के लिए एक नई चुनौती सामने आ सकती है। अमेरिकी डिपार्टमेंट ऑफ लेबर (DOL) ने परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन (PERM) प्रक्रिया के लिए संशोधित ड्राफ्ट एप्लिकेशन फॉर्म ETA-9089 जारी किया है। यह फॉर्म DOL के नवंबर 2026 के प्रस्तावित नियम के बाद जारी हुआ है, जिसका शीर्षक 'मॉडर्नाइजिंग द लेबर मार्केट टेस्ट एंड इम्प्रूविंग प्रोटेक्शंस फॉर यू.एस. वर्कर्स इन द परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन इमिग्रेंट वीजा प्रोग्राम' (2026-23370) है। अगर इस प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है, तो कंपनियों के लिए भारतीयों को ग्रीन कार्ड के लिए स्पॉन्सर करना मुश्किल हो सकता है। फिलहाल भी भारतीयों के लिए ग्रीन कार्ड का वेटिंग टाइम काफी लंबा है।

प्रस्तावित फॉर्म के सेक्शन I के तहत कंपनियों को साइन की हुई रिक्रूटमेंट रिपोर्ट जमा करनी होगी। कंपनी को अपने सभी जॉब विज्ञापनों की कॉपी और PERM एप्लिकेशन के समय उन सभी अमेरिकी आवेदकों का रिज्यूमे भी देना होगा। अभी ये दस्तावेज सिर्फ ऑडिट की जरूरत पड़ने पर ही दिखाने होते हैं।

इसके अलावा प्रश्न G.11 और G.12 में PERM एप्लिकेशन दाखिल करने से पहले समान या मिलते-जुलते पदों पर हुई छंटनी की जानकारी देने की अवधि छह महीने से बढ़ाकर दो साल करने का प्रस्ताव है। इस दौरान छंटनी करने वाली कंपनियों को एपेंडिक्स C में प्रभावित पदों और कर्मचारियों को दी गई सूचनाओं का ब्योरा देना होगा। यह नियम कंपनियों के अपने दफ्तर और क्लाइंट-साइट, दोनों जगह हुई छंटनी पर लागू होगा।

गौर करने वाली बात यह है कि बदला हुआ फॉर्म अभी ड्राफ्ट में है और इससे मौजूदा PERM प्रक्रिया में कोई बदलाव नहीं हुआ है। DOL के प्रस्ताव पर अभी लोगों की राय ली जा रही है। जब तक फाइनल नियम लागू नहीं होता, कंपनियों को 'फॉरेन लेबर एप्लीकेशन गेटवे' (FLAG) सिस्टम के जरिए मौजूदा फॉर्म ETA-9089 का ही इस्तेमाल जारी रखना होगा। यानी अभी भारतीय आवेदकों को पुराने फॉर्म से ही आवेदन करना है।