पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट मोहम्मद ज़ीशान अली चीनी मिशन शेनझोउ-24 के साथ तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पहुंच गए हैं। बुधवार को जियुक्वान सैटेलाइट लॉन्च सेंटर से रवाना हुआ यह मिशन पृथ्वी से उड़ान भरने के करीब साढ़े तीन घंटे बाद सुबह लगभग 8.56 बजे अंतरिक्ष स्टेशन से जुड़ गया। इसके बाद चालक दल ने स्टेशन में प्रवेश किया, जहां पहले से मौजूद शेनझोउ-23 के चालक दल ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान के अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन 'सुपार्को' के मुताबिक़, इस मौके पर अंतरिक्ष यात्रियों की तस्वीरें भी जारी की गईं।
शेनझोउ-24 मिशन के तहत तीन अंतरिक्ष यात्रियों को अंतरिक्ष स्टेशन भेजा गया है। इनमें तांग होंगबो मिशन के कमांडर, वू यी फ़्लाइट इंजीनियर और पाकिस्तान के पायलट मुहम्मद ज़ीशान अली पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर शामिल हैं। चीनी मीडिया के मुताबिक़, शेनझोउ-23 के अंतरिक्ष यात्रियों ने ज़ीशान अली को संबोधित करते हुए कहा कि वह किसी चीनी अंतरिक्ष मिशन में शामिल होने वाले पहले विदेशी एस्ट्रोनॉट बन गए हैं। ज़ीशान अली ने कहा कि अंतरिक्ष में जाने और चीनी अंतरिक्ष स्टेशन में दाख़िल होने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट बनकर उन्हें बेहद ख़ुशी हुई है। उन्होंने पाकिस्तान के राष्ट्रीय कवि अल्लामा इक़बाल की एक कविता भी सुनाई और उसका चीनी अनुवाद भी पेश किया।
मिशन में एक पाकिस्तानी एस्ट्रोनॉट के शामिल होने को ध्यान में रखते हुए चीनी अंतरिक्ष कार्यक्रम के संबंधित विभाग ने चीनी और अंग्रेज़ी, दोनों भाषाओं में कामकाज से जुड़े निर्देश तैयार किए हैं। इसके अलावा ज़ीशान की खान-पान संबंधी पसंद को ध्यान में रखते हुए हलाल अंतरिक्ष भोजन का इंतज़ाम भी किया गया है। चीनी मीडिया के मुताबिक़, उनके लिए पाकिस्तान के व्यंजन के विकल्प भी उपलब्ध हैं।
ज़ीशान अली तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह बिताएंगे। इस दौरान वह पेलोड विशेषज्ञ के तौर पर वैज्ञानिक प्रयोगों और शोध गतिविधियों में हिस्सा लेंगे, जिनमें सूक्ष्म शैवाल की वृद्धि और क्विनोआ के बीजों पर अंतरिक्ष के वातावरण के प्रभावों का अध्ययन शामिल है। चीनी मीडिया की कुछ रिपोर्टों के मुताबिक़, वापसी के दौरान वह अंतरिक्ष स्टेशन पर पहले से मौजूद शेनझोउ-23 के चालक दल के साथ लौटेंगे।
