कॉमेडियन समय रैना दुनिया के पहले ऐसे यूट्यूब क्रिएटर बन गए हैं, जिनके चैनल के सदस्यों (चैनल मेंबर्स) की संख्या 10 लाख (एक मिलियन) के पार पहुंच गई है। हालिया पोस्ट में यूट्यूब टीम ने यह जानकारी दी। टीम के मुताबिक, ग्रैंडमास्टर्स के साथ बातचीत से लेकर 'इंडियाज गॉट लेटेंट' जैसे शो तक, समय ने अपने चैनल को लाखों लोगों के लिए एक लोकप्रिय वर्चुअल हैंगआउट बना दिया है। ब्लॉग में कहा गया है कि यह आंकड़ा भारत में चल रहे एक बड़े सांस्कृतिक बदलाव को दर्शाता है, जहां दर्शक अब सिर्फ दूर से देखने वाले नहीं रह गए हैं, बल्कि अपने पसंदीदा क्रिएटर्स को निजी तरीकों से सपोर्ट कर रहे हैं। फिलहाल यूट्यूब पर समय के 1.24 करोड़ (12.4 मिलियन) सब्सक्राइबर्स हैं।

फरवरी 2025 में समय का शो 'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवादों में घिर गया था, जब यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने एक एपिसोड के दौरान माता-पिता और सगे संबंधियों के बीच यौन संबंध को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इससे सोशल मीडिया पर व्यापक आक्रोश फैल गया था। इस घटना के चलते रणवीर, समय और शो से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कई पुलिस शिकायतें और एफआईआर दर्ज की गईं। रणवीर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। समय ने भी माफी मांगी और अपने यूट्यूब चैनल से शो के सभी एपिसोड हटा दिए।

2026 में समय ने अपना कॉमेडी स्पेशल 'स्टिल अलाइव' रिलीज किया, जिसमें उन्होंने विवाद के दौरान अपने अनुभव साझा किए और शो के दूसरे सीजन की घोषणा की। 'इंडियाज गॉट लेटेंट' सीजन 2 के फिनाले एपिसोड में समय ने कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा होगा। उन्होंने बताया कि विवाद के बाद वे डिप्रेशन में थे और चैटजीपीटी से पूछते थे कि उनका शो कब वापस आएगा। नया सीजन यूट्यूब और नेटफ्लिक्स दोनों पर रिलीज किया गया, जिसकी शुरुआत आलिया भट्ट के गेस्ट के तौर पर आने से हुई। इसके बाद वरुण धवन, हुमा कुरैशी और करण औजला समेत अन्य लोग पैनलिस्ट के रूप में नजर आए।