केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को अरुणाचल प्रदेश की अपनी तीन दिवसीय यात्रा के अंतिम दिन सहकारी सम्मेलन में भाग लेंगे और एनडीआरएफ परिसर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, सहकारिता मंत्री भी रहने वाले शाह दोरजी खांडू स्टेट कन्वेंशन सेंटर में आयोजित सम्मेलन में शामिल होंगे और 'अरुणाचल प्रदेश कोऑपरेशन विजन डॉक्यूमेंट 2047' जारी करेंगे। इस दौरान वे सहकारिता पुरस्कार भी प्रदान करेंगे और 'सरस मेला' का उद्घाटन करेंगे। अरुणाचल पहुंचने पर हवाई पट्टी पर मुख्यमंत्री पेमा खांडू समेत राज्य के गणमान्य लोगों ने शाह का स्वागत किया।
दोपहर में शाह यहां के पास होलोंगी जाएंगे और एनडीआरएफ की 12वीं बटालियन के परिसर का उद्घाटन करेंगे। अधिकारी के अनुसार, शुक्रवार रात अरुणाचल पहुंचे शाह रविवार शाम को नई दिल्ली लौटेंगे।
इससे पहले शनिवार को बांदेरदेवा स्थित पुलिस प्रशिक्षण केंद्र में सुरक्षाकर्मियों को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि प्रस्तावित 11,200 मेगावाट की 'सियांग अपर मल्टीपर्पस प्रोजेक्ट' राष्ट्रीय महत्व की परियोजना है। यह परियोजना अरुणाचल प्रदेश के विकास और रणनीतिक हितों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सियांग घाटी के लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी चिंताओं का समाधान बातचीत के जरिए निकाला जाएगा।
शाह का यह आश्वासन ऐसे समय में आया है, जब स्थानीय 'आदि' समुदाय के कुछ वर्गों, खासकर सियांग और अपर सियांग जिलों के निवासियों की ओर से प्रस्तावित मेगा बांध का लगातार विरोध किया जा रहा है। इन लोगों ने परियोजना से अपनी पुश्तैनी जमीन, गांवों, आजीविका, पर्यावरण और सांस्कृतिक पहचान पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर चिंता जताई है।