भारतीय सेना के चार माइक्रोलाइट विमानों ने गुजरात में अमृतसर-जामनगर इकोनॉमिक कॉरिडोर (NH-754A) पर सफलतापूर्वक लैंडिंग और टेकऑफ किया। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ये विमान भारतीय सेना की ‘टीम माउंटेन ईगल्स’ के थे, जिन्होंने ‘विंग्स ऑफ वेलोर एंड यूनिटी एक्सपीडिशन’ के तहत हाईवे के चेनज किलोमीटर 946 से 949 के बीच करीब 3 किलोमीटर के हिस्से पर यह अभ्यास किया।
गडकरी ने इसे भारतीय सेना और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बीच तालमेल का ऐतिहासिक प्रदर्शन बताया। उन्होंने कहा कि इस अभ्यास से पता चलता है कि राष्ट्रीय राजमार्ग सिर्फ यातायात और कनेक्टिविटी के लिए ही नहीं, बल्कि सेना की रणनीतिक और ऑपरेशनल जरूरतों को पूरा करने में भी उपयोगी हो सकते हैं। केंद्र सरकार और NHAI ऐसे मजबूत हाईवे नेटवर्क तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो आर्थिक विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ सशस्त्र बलों की जरूरतों में भी मदद कर सकें।
गडकरी के मुताबिक, राष्ट्रीय राजमार्गों का इस्तेमाल भविष्य में एयरो-एडवेंचर, पर्यटन और दूसरी गतिविधियों के लिए भी किया जा सकता है। हालांकि, इसके लिए जगह की उपयुक्तता, सुरक्षा इंतजाम और संबंधित एजेंसियों के बीच समन्वय जरूरी होगा।
केंद्रीय मंत्री ने ‘टीम माउंटेन ईगल्स’, NHAI और अभ्यास में शामिल सभी अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में मजबूत और आधुनिक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क तैयार किया जा रहा है, जो भविष्य में सामान्य यातायात के अलावा देश की रणनीतिक जरूरतों और आपातकालीन परिस्थितियों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
