ऑस्ट्रेलिया के थिंक टैंक लोवी इंस्टीट्यूट के एशिया पावर इंडेक्स 2026 के मुताबिक भारत एशिया में सबसे ज्यादा प्रभाव रखने वाले देशों में तीसरे स्थान पर है। रिपोर्ट के अनुसार भारत का कुल पावर स्कोर बढ़कर 40.5 अंक हो गया है। सूची में अमेरिका पहले और चीन दूसरे स्थान पर है।

रिपोर्ट के मुताबिक 2026 में भारत का क्षेत्रीय प्रभाव बढ़ा है, जिसमें कूटनीतिक स्थिति, रक्षा सहयोग, सांस्कृतिक पहुंच और भविष्य के संसाधनों में सुधार का योगदान रहा। कूटनीतिक प्रभाव भारत का सबसे मजबूत क्षेत्र बना रहा और इस श्रेणी में उसे 70.3 अंक मिले। रिपोर्ट के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के क्षेत्रीय नेतृत्व के आकलन में बड़ा सुधार हुआ और वह तीन स्थान ऊपर पहुंचकर चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के बाद दूसरे सबसे प्रभावी क्षेत्रीय नेता बने।

भारत की आर्थिक क्षमता का स्कोर घटकर 26.4 अंक हो गया, फिर भी वह इस श्रेणी में तीसरे स्थान पर रहा। रिपोर्ट में इस गिरावट की वजह कमजोर रुपया और अर्थव्यवस्थाओं को मापने की अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष की बदली पद्धति बताई गई है। विदेशों में भारत के निवेश में करीब 20 अरब डॉलर की कमी का भी प्रदर्शन पर असर पड़ा। इसके बावजूद भविष्य के संसाधनों का स्कोर बढ़कर 56.2 अंक हो गया।

रक्षा नेटवर्क स्कोर बढ़कर 18.6 अंक हो गया और भारत इस श्रेणी में नौवें स्थान पर पहुंचा। रिपोर्ट के मुताबिक इसमें क्षेत्रीय रक्षा सहयोग में बढ़ोतरी और दक्षिण-पूर्व एशिया में ब्रह्मोस मिसाइलों की बिक्री से मदद मिली। सांस्कृतिक प्रभाव स्कोर भी बढ़कर 43.8 अंक हो गया। रिपोर्ट के अनुसार चीन की कुल शक्ति भारत से अब भी 80% ज्यादा है। एशिया पावर इंडेक्स 2026 में 27 देशों और क्षेत्रों का आकलन किया गया है, जिसमें शक्ति के आठ क्षेत्रों के 131 संकेतकों का इस्तेमाल हुआ है।