भगवान राम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन आज से शुरू हो रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस का उद्घाटन करेंगे। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से गुजरेगी। वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ जब राम बारात लेकर मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे तब उन्हें 4 दिन लगे थे, जबकि अब यह सफर लगभग 19 घंटे में पूरा होगा। आम यात्रियों के लिए यह ट्रेन 28 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।
ट्रेन के रास्ते में अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर स्टेशन पड़ेंगे। जयनगर से ट्रेन नेपाल में प्रवेश करेगी और जनकपुर धाम पहुंचेगी। यह साप्ताहिक ट्रेन होगी। जनकपुर धाम से अयोध्या के लिए ट्रेन शनिवार को चलेगी, जबकि अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए सोमवार को रवाना होगी। इससे बिहार के मधुबनी, दरभंगा और सीतामढ़ी के आसपास के इलाकों के लोगों को भी फायदा मिल सकता है। खासकर नेपाल से अयोध्या और यूपी-बिहार के शहरों में आने-जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक नया विकल्प होगा।
चूंकि यह ट्रेन अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करेगी, इसलिए सुरक्षा और निर्धारित नियमों के तहत बिहार के जयनगर स्टेशन पर यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जाएगी। इसी प्रक्रिया के चलते जयनगर स्टेशन पर ट्रेन का लंबा ठहराव रखा गया है। जनकपुर से अयोध्या आने के दौरान यहां एक घंटे और अयोध्या से जनकपुर जाने के दौरान दो घंटे का ठहराव होगा। यात्रियों को सफर के दौरान जरूरी पहचान पत्र और दस्तावेज साथ रखने होंगे। भारत से नेपाल और नेपाल से भारत जाने वाले यात्रियों के लिए अलग-अलग रिजर्वेशन चार्ट बनाए जाएंगे, जिनमें यात्रियों की नागरिकता और पहचान पत्र की जानकारी होगी। जांच के लिए ये चार्ट संबंधित अधिकारियों को भी दिए जाएंगे।
जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 8 एसी और 7 स्लीपर कोच शामिल होंगे। एसी श्रेणी में थर्ड एसी के 6 और सेकंड एसी के 2 कोच होंगे, जबकि बाकी 2 कोच लगेज, गार्ड और पैंट्री जैसी सुविधाओं के लिए होंगे। ट्रेन में फर्स्ट एसी और जनरल श्रेणी का कोच नहीं होगा। रेलवे के नियमों के मुताबिक, इसमें आरएसी और वेटिंग टिकट की सुविधा भी नहीं रखी गई है, यानी यात्री केवल कन्फर्म टिकट पर ही सफर कर सकेंगे। वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग से किसी कोटे की व्यवस्था भी नहीं होगी। फिलहाल ट्रेन का आधिकारिक किराया घोषित नहीं किया गया है।
भारत और नेपाल के बीच पहले से जयनगर-जनकपुर-बिजलपुरा रेल सेवा चल रही है, जिसकी शुरुआत 3 अप्रैल 2022 को हुई थी। इससे एक दिन पहले 2 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के तत्कालीन प्रधानमंत्री शेर बहादुर देउबा ने संयुक्त रूप से इसका उद्घाटन किया था। बिहार के जयनगर से शुरू होने वाली यह रेल सेवा नेपाल के कुर्था, जनकपुर और बिजलपुरा तक जाती है और इस रेल मार्ग का चालू हिस्सा करीब 52 किलोमीटर लंबा है। इसके आगे बर्दीबास तक विस्तार की योजना है। नई ट्रेन से अयोध्या तक सीधा संपर्क उपलब्ध होगा, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान होगी और रास्ते के शहरों में पर्यटन से जुड़े कारोबार को भी फायदा मिल सकता है।
