कांग्रेस नेता और राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता प्रमोद तिवारी ने समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां को इलाहाबाद हाई कोर्ट से अंतरिम जमानत मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। प्रयागराज के आनंद भवन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जन्मतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में तिवारी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार अपने विरोधियों को प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी मंशा से आजम खां पर फर्जी मामले दर्ज करके उन्हें जेल भेजा गया था और अंतरिम जमानत देकर कोर्ट ने भाजपा सरकार को आइना दिखाया है।
तिवारी ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन उत्तर प्रदेश में दो तिहाई बहुमत से सरकार बनाएगा। दोनों पार्टियों के बीच सीटों का बंटवारा जल्द हो जाएगा और गठबंधन उन सीटों पर चुनाव लड़ेगा जहां एक-दूसरे को जिता सकते हैं।
इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि देते हुए तिवारी ने कहा कि वह भारत की सबसे शक्तिशाली और करिश्माई प्रधानमंत्री के रूप में याद की जाती हैं। वह 20वीं सदी की विलक्षण प्रतिभा वाली विश्व नेता थीं, जिनका सबसे बड़ा गुण उनका निडर होना था। कार्यक्रम की अध्यक्षता शहर अध्यक्ष फुज़ैल हाशमी ने की और संचालन किशोर वार्ष्णेय ने किया। इस दौरान पूर्व विधायक विजय प्रकाश, सुधाकर तिवारी, हरिकेश त्रिपाठी, मुकुंद तिवारी, अशफाक अहमद, संजय तिवारी, विजय मिश्रा, अरशद अली, अनिल पांडेय, शशि प्रकाश, अरुण तिवारी और निशांत त्रिपाठी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस अवसर पर वरिष्ठ नेता रघुनाथ द्विवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सर्किट हाउस के निकट स्थित इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पूर्व शहर अध्यक्ष प्रदीप मिश्र अंशुमन के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आनंद भवन में इंदिरा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह ने कहा कि इंदिरा गांधी ने राष्ट्र के उत्थान में अद्वितीय भूमिका निभाई थी। कार्यक्रम का संचालन विनय पांडेय ने किया।
