बाबा रामदेव के साथ लंबे समय तक चले विवाद के बाद भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अब उनके साथ गले मिलते नजर आए हैं। हाल ही में सामने आए एक वीडियो में बाबा रामदेव सामने से आते दिख रहे हैं और बृजभूषण शरण सिंह झुककर उन्हें प्रणाम करते हैं, जिसके बाद रामदेव उन्हें गले लगा लेते हैं। इस दौरान रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया भी पास खड़े मुस्कुराते नजर आ रहे हैं।
दोनों के बीच विवाद की शुरुआत नवंबर 2022 में हुई थी, जब बृजभूषण शरण सिंह ने एक कार्यक्रम में पतंजलि के घी पर सवाल उठाए थे और लोगों को शुद्ध दूध और घी के लिए घर पर गाय-भैंस पालने की सलाह दी थी। इसके बाद पतंजलि के आचार्य बालकृष्ण से फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन विवाद शांत होने के बजाय बढ़ता गया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के आंदोलन के दौरान बाबा रामदेव ने बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ बयान दिया और महिला पहलवानों के आरोपों को गंभीर बताते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की।
अगस्त 2025 में बृजभूषण शरण सिंह की बाबा रामदेव और पतंजलि को लेकर की गई टिप्पणी फिर चर्चा में आई, हालांकि उन्होंने अपनी टिप्पणी पर माफी भी मांगी और स्वीकार किया कि उनसे गलती हुई। इसके बाद पतंजलि फूड्स की ओर से बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ 50 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किए जाने की खबर सामने आई, जिससे मामला कानूनी लड़ाई तक पहुंच गया।
करीब चार साल चले इस विवाद के बाद दिल्ली में दोनों के बीच पिछले दिनों आमने-सामने मुलाकात हुई, जिसमें अयोध्या के महंत राजकुमार दास ने मध्यस्थता की भूमिका निभाई। बाबा रामदेव के मुताबिक, बृजभूषण शरण सिंह के मन में कुछ गलतफहमियां थीं, जो बातचीत के दौरान दूर हो गईं। रामदेव ने पतंजलि के घी और दवाइयों को नकली बताने वाले आरोपों को भी खारिज किया और विवाद खत्म होने की घोषणा की।
