गंगा जल संधि की अवधि 12 दिसंबर को समाप्त हो रही है। बांग्लादेश पहले संधि को नए सिरे से करने की मांग कर रहा था, लेकिन अब उसने भारत से संधि के नवीकरण पर बातचीत शुरू करने की अपील की है। बांग्लादेश के जल संसाधन मंत्री शाहिदउद्दीन चौधरी ने भारत को पत्र लिखकर जल्द बातचीत शुरू करने को कहा है।
बांग्लादेश के 10 सदस्यीय तकनीकी समिति के प्रमुख और प्रधानमंत्री तारिक रहमान के सलाहकार राशद तितुमीर के अनुसार संधि से जुड़ी तैयारियां पूरी हो गई हैं और अवधि समाप्त होने से पहले ठोस कदम उठाया जाएगा। बांग्लादेश चाहता था कि संधि नए सिरे से की जाए और सूखे के दौरान मिलने वाले पानी की मात्रा पर गारंटी दी जाए, साथ ही एक विशेष तकनीकी टीम गठित की जाए। भारत का कहना है कि गंगा जल संधि और सीमा पार नदियों के विवादों के लिए संयुक्त नदी आयोग पर्याप्त है और यही काम करता रहेगा।
मौजूदा संधि 12 दिसंबर 1996 को हुई थी, जब बांग्लादेश में शेख हसीना की सरकार थी। संधि के अनुसार जनवरी से मई तक यदि नदी का बहाव 70 हजार क्यूसेक से कम होता है तो बांग्लादेश को कम से कम 35 हजार क्यूसेक पानी देना होता है। भारत और बांग्लादेश कम से कम 54 नदियों का जल साझा करते हैं, लेकिन समझौता केवल गंगा नदी के पानी को लेकर हुआ है।
शेख हसीना की सरकार गिरने के बाद दोनों देशों के संबंध खराब हो गए थे। मोहम्मद यूनुस की अगुवाई वाली अंतरिम सरकार के कार्यकाल में कानून व्यवस्था बिगड़ने और अल्पसंख्यक हिंदुओं पर अत्याचार की खबरें आईं, वहीं बांग्लादेश पाकिस्तान के करीब भी बढ़ता रहा। शेख हसीना के भारत में शरण लेने को लेकर बांग्लादेश के नेताओं ने लगातार आक्रामक बयान दिए। अब बांग्लादेश में फिर हिंसा हो रही है और प्रधानमंत्री तारिक रहमान संकेतों में भारत को इसके लिए जिम्मेदार ठहरा चुके हैं।
