पटना। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता और मनेर विधायक भाई वीरेंद्र यादव ने आनंद मोहन और अनंत सिंह का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि फ्लोर टेस्ट के वक्त महागठबंधन के पास स्पष्ट बहुमत था, लेकिन पार्टी के जिन विधायकों ने विश्वासघात किया, उन्हें अब नियति का सामना करना पड़ रहा है। भाई वीरेंद्र के मुताबिक, कुछ लोगों ने खुद भी स्वीकार किया था कि उन्होंने धोखा दिया, और गलत कर्मों का परिणाम भुगतना ही पड़ता है। उन्होंने कहा कि ईश्वर सब देखता है और जो जैसा करता है, वैसा ही पाता है।

आनंद मोहन के मामले में टिप्पणी करने से भाई वीरेंद्र ने इनकार किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह विषय माननीय सर्वोच्च न्यायालय से जुड़ा है, जो सर्वोपरि है, इसलिए इस पर टिप्पणी करना सही नहीं होगा। चेतन आनंद की ओर से बुलाई गई बैठक पर उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में बैठक करना उनका अधिकार है, लेकिन मामला सुप्रीम कोर्ट में होने के कारण इस पर आगे कुछ कहना उचित नहीं है। आनंद मोहन के एक महीने तक पूरे बिहार में घूमकर अपने समाज के बीच जाने की घोषणा पर उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद और पूर्व विधायक होने के नाते जनसंपर्क और भ्रमण करना स्वाभाविक है।

बाहुबलियों पर कार्रवाई से जुड़े सवाल पर भाई वीरेंद्र ने कहा कि वर्तमान समय में लोकतंत्र के चारों स्तंभों पर दबाव दिखता है। उनके मुताबिक, मीडिया और समाज में सामाजिक कार्यकर्ताओं और जमीनी नेताओं के बजाय बाहुबलियों को अधिक महत्व दिया जाता है। जब अपराधियों और बाहुबलियों को बढ़ावा मिलता है, तो समाज और व्यवस्था में अराजकता की स्थिति बनती है, जिस पर उच्च न्यायालय और सर्वोच्च न्यायालय संज्ञान लेते हैं।