पटना: राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने कई मुद्दों पर सरकार पर निशाना साधा है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस बयान पर कि विपक्ष महिला आरक्षण बिल को नहीं रोक पाएगा, रोहिणी आचार्य ने सवाल उठाया कि विपक्ष इसे क्यों नहीं रोक पाएगा। उन्होंने कहा कि पहले बिल आने दीजिए, फिर देखा जाएगा कि सरकार क्या लेकर आती है। बिल आने के बाद ही वे इस पर अपनी प्रतिक्रिया देंगी। परिसीमन से जुड़े बिल पर उन्होंने फिलहाल प्रतिक्रिया देने से इनकार किया।

एक देश, एक कानून पर केंद्रीय गृह मंत्री की बात का जिक्र करते हुए रोहिणी आचार्य ने कहा कि वे लोग यह बात काफी समय से कहते आ रहे हैं। बिहार सरकार के मंत्री अशोक चौधरी द्वारा एक साथ तीन पदों की जिम्मेदारी संभालने के सवाल पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अशोक चौधरी के लिए भी सात खून माफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इन लोगों के लिए न कोई नियम है और न कोई कानून, नियम-कानून सिर्फ जनता और विपक्ष के लिए हैं।

मुख्यमंत्री की यात्रा शुरू होने पर रोहिणी आचार्य ने महिला सुरक्षा और न्याय के मुद्दे पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि मुख्यमंत्री अपनी यात्रा के दौरान महिलाओं के लिए क्या कर रहे हैं और क्या वे नीट की छात्रा को न्याय मिलने की जानकारी देने निकले हैं। उन्होंने मुजफ्फरपुर बालिका गृह कांड का जिक्र करते हुए कहा कि वहां की बच्चियों को भी अब तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में महिला हिंसा चरम पर है और सरकार इस पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है।

पश्चिम चंपारण के जिलाधिकारी पर निशाना साधते हुए रोहिणी आचार्य ने आरोप लगाया कि वे भाजपा के प्रवक्ता बन चुके हैं और अधिकारी भाजपा का गुणगान कर रहे हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिलाधिकारी को इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो जाना चाहिए। मुख्य सचिव द्वारा अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों का सम्मान करने के निर्देश पर उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के शासनकाल में बिहार में अफसरशाही हावी रही है और अब अधिकारी भाजपा का प्रचार कर रहे हैं। उन्होंने इसे महज खानापूर्ति बताया और आरोप लगाया कि इस सरकार में तमाम लोग बेईमान हैं।