जम्मू-कश्मीर में अनंतनाग जिले की शेषनाग ग्लेशियर झील के पास अमरनाथ यात्रा मार्ग को चौड़ा करने के लिए भारी मशीनों के इस्तेमाल को लेकर सत्तारूढ़ नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) और विपक्षी पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) के बीच सियासी टकराव तेज हो गया है। झील के किनारे अर्थमूवर चलने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पर्यावरणविदों और राजनीतिक दलों ने इसकी आलोचना की थी। वरिष्ठ नेता कर्ण सिंह ने भी भारी मशीनों के इस्तेमाल पर हैरानी जताई थी।
जम्मू-कश्मीर के वन मंत्री अल्ताफ अहमद वानी ने इस परियोजना पर काम कर रहे बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (BRO) को क्लीन चिट देते हुए कहा कि शेषनाग झील में मिट्टी का एक कण भी नहीं गया है। उन्होंने इसे अमरनाथ यात्रा के बाद रास्तों की नियमित मरम्मत बताया। बुधवार को पुलिस ने वानी को शेषनाग जाने से रोक दिया था। वन मंत्री के अनुसार, टीम ने पाया कि वायरल वीडियो भ्रामक था और असल में काम झील से 200 से 300 फीट की दूरी पर हो रहा है।
BRO का कहना है कि यह गतिविधि अमरनाथ यात्रा के बाद किए जाने वाले रखरखाव का हिस्सा है और इसे पर्यावरण संबंधी सुरक्षा उपायों के साथ अंजाम दिया जा रहा है। संगठन ने स्पष्ट किया है कि काम केवल मौजूदा रास्तों तक सीमित है, जिसका मकसद कमजोर हिस्सों को मजबूत करना, भीड़ कम करने के लिए रास्तों को चौड़ा करना और तीर्थयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करना है।
इस बीच पीडीपी प्रमुख और पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के मंत्रिमंडल पर आरोप लगाया कि उसने BRO के साथ समझौता ज्ञापन की अवधि बढ़ाकर शेषनाग तक का रास्ता साफ कर दिया है। वहीं एनसी ने पीडीपी पर आरोप लगाया कि वह उत्तर प्रदेश चुनावों में भाजपा की मदद के लिए इस मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। पर्यावरण कार्यकर्ता डॉ. राजा मुजफ्फर भट ने चेतावनी दी है कि झील के आसपास खुदाई से उसकी बनावट अस्थिर हो सकती है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने 24 नवंबर को झील पर एक 12 सदस्यीय जांच टीम भेजी थी।
