पणजी: गोवा यूनिवर्सिटी छात्र परिषद के 2026-27 शैक्षणिक सत्र के चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने सभी नौ सीटों पर जीत हासिल की है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की छात्र इकाई एबीवीपी ने अध्यक्ष, सचिव, महिला सदस्य और छह कार्यकारी सदस्य के पदों पर कब्जा किया है। एबीवीपी ने इस जीत को अराजकता की राजनीति के खारिज किए जाने से जोड़ा है।

चुनाव में जीतने वाले उम्मीदवारों में अध्यक्ष पद पर कल्पेश संतोष वाल्के, सचिव पद पर श्रेयांश तुलसीदास नाइक और महिला सदस्य पद पर पूर्वी विजय परब शामिल हैं। छह कार्यकारी सदस्यों में अनीश यशोदान गांवस देसाई, अर्थिकेश अशोक नाइक, माधव संदेश देसाई, निधि नामदेव मलिक सावालो, संजय शेट और वेंकटेश उर्फ श्रेयश श्रीराम शेट वेरेनकर ने जीत दर्ज की।

एबीवीपी के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने इस जीत को छात्रों का निर्णायक जनादेश बताया है। गोवा में अगले साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। उससे पहले एबीवीपी को मिली इस जीत ने बीजेपी को भी जोश से भर दिया है।