लखनऊ/मेरठ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता से हटाने की उम्मीद लगाए विपक्षी दलों, खासकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर वेस्ट यूपी में पेंच फंसा हुआ है। दोनों दलों के नेताओं की मानें तो सीट शेयरिंग पर मंथन अब दिसंबर के पहले सप्ताह में ही होने की संभावना है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामलाल पाल दो दिन पहले ही साफ कर चुके हैं कि अगली बैठक की तारीख अभी तय नहीं है।

सियासी जानकारों के मुताबिक, विवाद की जड़ में मुस्लिम चेहरे हैं। एक तरफ कांग्रेस के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष और सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद की टीम मोर्चा संभाले हुए है, तो दूसरी तरफ कैराना की सांसद इकरा हसन। वहीं, आजम खान और संभल के सांसद जियाउर्रहमान बर्क सियासी तपिश कम करने में जुटे हैं। दोनों का कहना है कि सीट शेयरिंग का काम हाईकमान यानी राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर छोड़ा जाएगा। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे भी इमरान मसूद को नसीहत दे चुके हैं।

माना जा रहा है कि सीट शेयरिंग का रास्ता वेस्ट यूपी से ही निकलेगा। इमरान मसूद को कांग्रेस हाईकमान और सपा नेताओं को संतुष्ट करना होगा, क्योंकि सपा ने जिन पांच सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए हैं, उनमें से चार बेहट, सहारनपुर देहात, कैराना और अमरोहा वेस्ट यूपी से हैं। इनमें बेहट और सहारनपुर देहात इमरान के संसदीय क्षेत्र सहारनपुर जिले की सीटें हैं, जिन्हें वे कांग्रेस के लिए चाहते हैं, जबकि सपा के यहां सिटिंग विधायक हैं और पार्टी की पॉलिसी सिटिंग विधायकों का टिकट न काटने की है।

बता दें कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि कांग्रेस पहले 181 और अब 100 या उससे अधिक सीटों की मांग कर रही है। अखिलेश यादव साफ कर चुके हैं कि जीत की संभावना के आधार पर सीटें तय की जाएंगी।