चंडीगढ़/अहमदाबाद: पंजाब विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने की तैयारी कर रही बीजेपी ने गुरुनानक जयंती के मौके पर पुराने सहयोगी अकाली दल से गठबंधन का ऐलान किया। नई दिल्ली में गठबंधन की घोषणा के वक्त गृह मंत्री अमित शाह मौजूद रहे और उन्होंने साफ किया कि मुख्यमंत्री पद बड़े भाई यानी अकाली दल के पास रहेगा। इस गठबंधन से सत्तारूढ़ आप और मुख्य विपक्षी कांग्रेस को नई रणनीति बनाने पर मजबूर होना पड़ा है।

सूत्रों के मुताबिक छह साल बाद अकालियों को साथ लाने के पीछे पीएम मोदी के भरोसेमंद माने जाने वाले केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल की भूमिका अहम मानी जा रही है। चर्चा है कि पाटिल की रिपोर्ट पर ही पीएम मोदी और बीजेपी नेतृत्व ने गठबंधन को हरी झंडी दी। पाटिल 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी की प्रचंड जीत के लिए भी जाने जाते हैं, जब पार्टी को 156 सीटें मिली थीं।

बताया जाता है कि बीजेपी ने पंजाब के मोर्चे पर पहले विजय रूपाणी को लगाया था, लेकिन अहमदाबाद प्लेन क्रैश में उनकी मौत के बाद तैयारियों को झटका लगा। सूत्रों के अनुसार पाटिल पंजाब मोर्चे पर सक्रिय हैं और उनकी टीम ग्राउंड जीरो तथा दूसरे दलों पर रणनीति पर नजर रखे हुए है। गृह मंत्री अमित शाह पूरे ऑपरेशन को संभाल रहे हैं। पुनर्मिलन की नींव रखने और स्थिति का आकलन करने की जिम्मेदारी कुछ चुनिंदा लोगों को दी गई थी, जिनमें पाटिल भी शामिल थे।

सीआर पाटिल 1989 से गुजरात में पीएम मोदी के भरोसेमंद सहयोगी रहे हैं और वाराणसी लोकसभा क्षेत्र का प्रबंधन भी संभाल चुके हैं। गुजरात पुलिस में कांस्टेबल रहे पाटिल कड़क अनुशासन के लिए जाने जाते हैं। गुजरात बीजेपी के अध्यक्ष रहते हुए भी उनके कामकाज की खूब चर्चा होती थी।