भारत स्वस्तिक यात्रा के दूसरे चरण का समापन शनिवार को जगन्नाथपुरी में हुआ। इस अवसर पर मोरारी बापू ने कथा की और भगवान श्रीकृष्ण, बलराम तथा देवी सुभद्रा के प्रतीकों पर विचार रखे।

मोरारी बापू ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण प्रेम, बलराम सत्य और देवी सुभद्रा करुणा के प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि इन तीनों दिव्य स्वरूपों के साथ चैतन्य महाप्रभु भी इस आध्यात्मिक स्वस्तिक का अभिन्न अंग हैं। बापू ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से निर्मित स्वस्तिक शाश्वत है और इसे कभी मिटाया नहीं जा सकता।

चारधामों में शामिल इस पवित्र तीर्थस्थल पर रामकथा के साथ यात्रा का समापन हुआ। बापू ने कहा कि भारत स्वस्तिक कथा तीन दिव्य शक्तियों महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली की ऊर्जा से संपन्न हुई है। उन्होंने कहा कि इससे ऊपर त्रिभुवन गुरु महाकाल की कृपा रही।

भारत स्वस्तिक यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर को द्वारका से शुरू हुआ था। यहां से यात्रा सोमनाथ, डाकोर, उज्जैन, नागपुर, छत्तीसगढ़ के चंपारण, मायापुर और कोलकाता होते हुए जगन्नाथ पुरी पहुंची।