प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेप के तहत पूर्वी रेंज यमुनापार में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सख्ती बढ़ा दी है। एक से 20 नवंबर तक चलाए गए विशेष अभियान में प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसीसी) के उल्लंघन पर 8,027 चालान किए गए, जबकि सीमा पर जांच के दौरान 3,574 बीएस-4 वाहनों को वापस लौटाया गया। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, 321 पुराने और चलने योग्य अवधि पूरी कर चुके (एंड आफ लाइफ) वाहनों को जब्त किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक पूर्वी रेंज श्वेता सिंह चौहान ने बताया कि प्रदूषण रोकथाम के लिए पूर्वी रेंज के सभी ट्रैफिक सर्किल में अभियान चलाया गया। इस दौरान कुल 61,865 वाहनों की सीमा पर जांच की गई। अभियान के दौरान प्रदूषण संबंधी नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
डीसीपी श्वेता चौहान ने बताया कि प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस प्रतिबद्ध है और कार्रवाई जारी रहेगी। ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को लगातार जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, वाहन चालकों को वैध पीयूसीसी रखने और प्रदूषण नियंत्रण में इसकी भूमिका के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। प्रदूषण नियमों के पालन के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
