भारत स्वस्तिक यात्रा के दूसरे चरण का समापन शनिवार को जगन्नाथपुरी में रामकथा के साथ हुआ। इस अवसर पर मोरारी बापू ने कथा प्रस्तुत की और प्रेम, सत्य तथा करुणा का महत्व बताया।
मोरारी बापू ने भगवान श्रीकृष्ण को प्रेम, बलराम को सत्य और देवी सुभद्रा को करुणा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इन तीनों दिव्य स्वरूपों के साथ चैतन्य महाप्रभु भी इस आध्यात्मिक स्वस्तिक के अभिन्न अंग हैं। बापू ने कहा कि इस यात्रा के माध्यम से निर्मित स्वस्तिक शाश्वत है और इसे कभी मिटाया नहीं जा सकता।
चारधामों में शामिल इस पवित्र तीर्थस्थल पर रामकथा के साथ यात्रा का समापन हुआ। मोरारी बापू ने कहा कि भारत स्वस्तिक कथा तीन दिव्य शक्तियों महालक्ष्मी, महासरस्वती और महाकाली की ऊर्जा से संपन्न हुई है। इससे ऊपर त्रिभुवन गुरु महाकाल की कृपा रही।
बापू ने जगन्नाथपुरी की आध्यात्मिक पहचान को तीन स्वरूपों से जोड़ते हुए कहा कि यात्रा से बना यह स्वस्तिक कालातीत और चिरस्थायी है। भारत स्वस्तिक यात्रा का दूसरा चरण 14 नवंबर को द्वारका से शुरू हुआ था। यहां से यात्रा सोमनाथ, डाकोर, उज्जैन, नागपुर, छत्तीसगढ़ के चंपारण, मायापुर और कोलकाता होते हुए जगन्नाथपुरी पहुंची।
