श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट अपनी डीड में संशोधन करने की तैयारी कर रहा है। इस संशोधन का उद्देश्य डीड में सीईओ की नियुक्ति का प्रावधान शामिल करना और कानूनी अड़चनों को दूर करना है। ट्रस्ट में सीईओ की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन डीड में अब तक इसका प्रावधान नहीं है। साथ ही डीड में दोहराए गए प्रावधानों को भी दुरुस्त किया जाएगा। ट्रस्ट का कहना है कि इन बदलावों से ट्रस्ट की मूल भावना और नीति प्रभावित नहीं होगी।

अयोध्या से मिली जानकारी के अनुसार, संशोधन को लेकर ट्रस्टियों के बीच मंथन चल रहा है। दो दिसंबर को प्रस्तावित ट्रस्ट की बैठक में इन बदलावों पर मुहर लगना तय माना जा रहा है। बैठक से दो दिन पहले 30 नवंबर को महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि अयोध्या पहुंच जाएंगे। बीती दो सितंबर को मणिरामदासजी की छावनी में हुई ट्रस्ट बैठक के एजेंडे में भी डीड में संशोधन का विषय शामिल था, लेकिन उस समय अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। उसी बैठक में ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयरमार्शल जितेंद्र मिश्रा को सीईओ नियुक्त करने की घोषणा की थी।

ट्रस्ट महासचिव स्वामी गोविंददेव गिरि ने श्रीरामवल्लभाकुंज में मीडिया से अनौपचारिक चर्चा में डीड में संशोधन की संभावना की पुष्टि की थी। उनके अनुसार, डीड में कुछ स्थानों पर एक ही बात दोहराई गई है। ऐसे प्रावधानों को कानूनी रूप से व्यवस्थित कर डीड को अधिक स्पष्ट और विधिसम्मत बनाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया था कि डीड में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा और कुछ ऐसी बातों को हटाने पर विचार हो रहा है, जिनकी अब आवश्यकता नहीं है।

प्रस्तावित संशोधनों की प्रक्रिया ट्रस्टी और प्रख्यात अधिवक्ता पद्मश्री के परासरन के निर्देशन में होगी। कानूनी पहलुओं की समीक्षा के बाद संशोधन का मसविदा तैयार किया गया है। संभावना है कि संशोधन संबंधी प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर दो दिसंबर की बैठक में रखा जाए। आगामी बैठक में मीडिया से संवाद के लिए प्रवक्ता की नियुक्ति पर भी मुहर लग सकती है। वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह इस समय समाचार प्रबंधक के रूप में कार्य कर रहे हैं और उनके नाम की घोषणा बैठक में की जा सकती है। इसके अलावा 28 अक्टूबर को श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा के लिए गठित स्थाई समिति की बैठक में पारित प्रस्तावों को भी ट्रस्ट बैठक में रखा जाएगा।