पटना: बिहार में किसानों की संस्थागत ऋण तक पहुंच आसान बनाने के लिए जनसमर्थ पोर्टल और राज्य सरकार के ‘सहयोग’ कार्यक्रम को साथ लागू किया जाएगा। विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में इस पहल के क्रियान्वयन, बैंकों की भागीदारी और अधिक से अधिक पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड सहित संस्थागत ऋण से जोड़ने की कार्ययोजना पर चर्चा हुई। इसका पायलट संचालन 1 दिसंबर 2026 से खगड़िया और भोजपुर जिलों में शुरू होगा।

पायलट के दौरान दोनों जिलों में सहयोग कार्यक्रम के शिविरों के साथ विशेष कृषि ऋण शिविर लगाए जाएंगे, जहां किसानों को योजनाओं की जानकारी, ऋण आवेदन और बैंकिंग सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास होगा। प्रत्येक भाग लेने वाली बैंक शाखा से कम-से-कम एक किसान क्रेडिट कार्ड ऋण की स्वीकृति का लक्ष्य रखा गया है। जनसमर्थ और सहयोग के बीच समन्वय से कॉमन एप्लीकेशन फॉर्म की व्यवस्था पर जोर दिया गया है, जिससे किसानों को बार-बार दस्तावेज जमा करने की परेशानी कम होगी।

जनसमर्थ एक एकीकृत डिजिटल पोर्टल है, जिससे किसान किसान क्रेडिट कार्ड सहित विभिन्न ऋण योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। बिहार में इसे एग्रीस्टैक के साथ तकनीकी रूप से जोड़ा जा चुका है, जिससे किसान की पहचान, भूमि विवरण और कृषि गतिविधियों का सत्यापन संभव होगा। आवेदन के दौरान आधार आधारित ई-केवाईसी, डिजिटल भूमि स्वामित्व सत्यापन, खेतों के जीपीएस निर्देशांक और डिजिटल क्रेडिट हिस्ट्री की जांच की व्यवस्था है। बैंक अपने मानकों, किसान की क्रेडिट हिस्ट्री, सिंचाई की स्थिति और पूर्व ऋण की जानकारी के आधार पर ऋण पात्रता आंक सकेंगे। इस प्रणाली में डिजिटल स्वीकृति या अस्वीकृति, ई-साइन से ऋण समझौता और डिजिटल लियन मार्किंग भी शामिल है। जनसमर्थ की परिकल्पित स्ट्रेट-थ्रू प्रोसेसिंग व्यवस्था में किसान क्रेडिट कार्ड ऋण वितरण की प्रक्रिया को लगभग 15 मिनट तक सीमित करने का लक्ष्य रखा गया है।

बिहार के किसान रजिस्ट्री में अभी कुल 54.71 लाख किसान पंजीकृत हैं, जिनमें लगभग 35 लाख एकल भूमि धारक किसान हैं। जनसमर्थ की वर्तमान पात्रता व्यवस्था के अनुसार लगभग 16 लाख किसान प्रारंभिक रूप से ऋण के लिए पात्र चिह्नित किए गए हैं। फिलहाल पोर्टल पर एकल भूमि धारक किसानों के लिए ऋण आवेदन की सुविधा उपलब्ध है। जनसमर्थ के किसान क्रेडिट कार्ड मॉड्यूल से 12 सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक एकीकृत हैं। बैठक में किसान क्रेडिट कार्ड के तहत ₹2 लाख तक बिना जमानत ऋण की सुविधा पात्र किसानों तक पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया। बैठक में रेखांकित किया गया कि बिहार की कृषि विकास दर लगातार राष्ट्रीय कृषि विकास दर से लगभग 2 प्रतिशत अधिक रही है, और इस प्रगति को बनाए रखने के लिए समय पर संस्थागत ऋण की उपलब्धता महत्वपूर्ण है।