खरगोन जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती राजेंद्र चौहान की गुरुवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। यह मामला चर्चा में इसलिए है क्योंकि चार दिन पहले पुलिस ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था, जबकि वह उस समय जीवित थे और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। पुलिस की गलत सूचना के आधार पर 23 नवंबर को खरगोन, बड़वानी और खंडवा सहित कई क्षेत्रों से परिजन तथा वासुदेव समाज के लोग अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंच गए थे। बाद में पता चला कि राजेंद्र जीवित हैं। गुरुवार को उनकी वास्तविक मौत हुई, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंपा गया और अंतिम संस्कार किया गया।
जैतापुर थाना प्रभारी सुदर्शन कलोसिया के अनुसार राजेंद्र की मौत गुरुवार सुबह इलाज के दौरान हुई। वासुदेव समाज के अध्यक्ष चंदन चौहान ने बताया कि इस बार अंतिम संस्कार में 23 नवंबर की तुलना में काफी कम लोग शामिल हुए।
राजेंद्र को करीब एक महीने पहले महेश्वर से गंभीर हालत में खरगोन जिला अस्पताल लाया गया था। पहचान न होने के कारण उन्हें अज्ञात मरीज के रूप में आईसीयू में भर्ती किया गया था। बाद में चंदन चौहान ने उन्हें अपने परिचित के रूप में पहचाना। 19 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दी गई थी, लेकिन तबीयत बिगड़ने पर दोबारा भर्ती करना पड़ा।
अस्पताल में भर्ती राजेंद्र की जानकारी और फोटो पुलिस के व्हाट्सऐप ग्रुप में साझा की गई थी। आरोप है कि अस्पताल पुलिस चौकी पर तैनात प्रधान आरक्षक वहाब खान ने संदेश ठीक से पढ़े बिना राजेंद्र की मौत की सूचना चंदन चौहान को दे दी और अस्पताल प्रबंधन से इसकी पुष्टि भी नहीं की गई। कंट्रोल रूम के दो पुलिसकर्मियों ने भी यही सूचना परिजनों तक पहुंचाई। चंदन चौहान ने एसपी से शिकायत कर गलत सूचना देने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की थी। एसपी रविंद्र वर्मा ने मामले की जांच खरगोन एसडीओपी सौरभ तोमर को सौंपी है। प्रधान आरक्षक वहाब खान सहित जितेंद्र रावत और माधव सिंह को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई की जाएगी।
