ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क इलाके में स्थित मगध इन गर्ल्स हॉस्टल (ओल्ड कैंपस) की कैंटीन में परोसे गए भोजन में कीड़ा मिलने का मामला सामने आया है। छात्राओं ने इस पर विरोध जताते हुए खाने की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं और प्रबंधन के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए जिला प्रशासन से शिकायत की है। भोजन में कीड़े की तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
छात्राओं का आरोप है कि वे हॉस्टल की सालाना लाखों रुपये की फीस चुकाती हैं, फिर भी उन्हें कीड़ेयुक्त भोजन परोसा जा रहा है। उनका कहना है कि इससे पहले भी कई मौकों पर भोजन की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई जा चुकी है। छात्राओं के अनुसार कैंटीन के रसोईघर में स्वच्छता का पूरा ध्यान नहीं रखा जाता, खाना अधिकतर समय खुला रहता है, जिस पर मक्खियां और मच्छर मंडराते रहते हैं और कीड़े भी उसमें पड़ जाते हैं। आरोप है कि इसके बावजूद प्रबंधन बिना जांच के वही खाना छात्रों को परोस देता है।
शहर के कई अन्य हॉस्टलों और विश्वविद्यालय की कैंटीन में भी पहले खाने में कीड़े मिलने की बातें सामने आ चुकी हैं।
जिला खाद्य एवं औषधि प्रशासन के सर्वेश कुमार के अनुसार मामला सोशल मीडिया के जरिये विभाग के संज्ञान में आया है और इसकी जांच की जा रही है। जांच के लिए एक टीम भेजी जाएगी, जो वहां जाकर भोजन के नमूने संग्रहित करेगी।
