भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने सोमवार को कानपुर में पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक के बाद उन्होंने कहा कि भाजपा उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। केशव नगर स्थित भाजपा क्षेत्रीय कार्यालय में बातचीत के दौरान उन्होंने विपक्ष पर हमला बोला और कांग्रेस को भ्रष्टाचार की जननी तथा समाजवादी पार्टी को अपराधियों से गठजोड़ करने वाली पार्टी बताया।
लाल सिंह आर्य ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने की आशंका मात्र से प्रदेश की जनता और व्यापारी वर्ग चिंतित हो उठते हैं। उनके अनुसार प्रदेश की जनता सपा शासनकाल की अराजकता और अपराध के दौर को देख चुकी है और अब दोबारा उस स्थिति में नहीं लौटना चाहती। उन्होंने दावा किया कि योगी सरकार में अपराधी पस्त हैं और जनता मस्त है। सपा नेताओं की बयानबाजी से उनकी मानसिकता सामने आ रही है।
पार्टी में गुटबाजी के सवाल पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने इनकार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा पूरी तरह अनुशासित संगठन है और नेतृत्व जिसे भी प्रत्याशी घोषित करेगा, सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर उसे जिताने में जुट जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा को समाज के हर वर्ग का समर्थन मिल रहा है, जिसके परिणामस्वरूप देश के 22 राज्यों में भाजपा अथवा उसके गठबंधन की सरकारें हैं।
उन्होंने संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में देशव्यापी समरसता संकल्प अभियान की जानकारी दी। बताया कि समरसता संकल्प यात्रा 29 नवंबर को इटावा पहुंचेगी और 30 नवंबर को औरैया में आयोजन के बाद शाम चार बजे कानपुर पहुंचेगी, जहां केंद्रीय मंत्री सहित राष्ट्रीय और प्रांतीय नेता संबोधित करेंगे। इससे पहले यात्रा की तैयारियों को लेकर जिला अध्यक्षों, जनप्रतिनिधियों और अनुसूचित मोर्चा के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, अनुसूचित मोर्चा के प्रदेश मंत्री रामवीर कठेरिया, क्षेत्रीय महामंत्री आदित्य त्रिवेदी के साथ अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
