विनायक दामोदर सावरकर के पौत्र सत्यकी सावरकर ने कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी को कानूनी नोटिस भेजा है। यह नोटिस सोनिया गांधी की संस्मरण पुस्तक 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में स्वतंत्रता सेनानी के बारे में कथित रूप से दिए गए बयानों से जुड़ा है। अधिवक्ता संग्राम कोल्हटकर द्वारा सत्यकी सावरकर की ओर से जारी नोटिस में पुस्तक के पृष्ठ 201 और 443 पर लिखी बातों पर आपत्ति जताई गई है। नोटिस में मांग की गई है कि इन बयानों पर बिना शर्त माफी मांगी जाए, स्पष्टीकरण दिया जाए और सुधार किया जाए।
नोटिस में आरोप लगाया गया है कि पुस्तक की ये बातें तथ्यात्मक रूप से गलत, ऐतिहासिक रूप से भ्रामक और तोड़-मरोड़कर पेश की गई हैं, जिससे वीडी सावरकर की प्रतिष्ठा और विरासत को नुकसान पहुंचता है। नोटिस के मुताबिक, सत्यकी सावरकर ने हाल ही में हार्पर कॉलिन्स पब्लिशर्स इंडिया द्वारा कथित तौर पर 10 नवंबर को प्रकाशित इस पुस्तक को देखा, जिसमें की गई टिप्पणियों और लगाए गए आरोपों से उन्हें ठेस पहुंची।
नोटिस में पृष्ठ 201 के एक बयान का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया गया है कि याचिकाओं का जिक्र उस समय की परिस्थितियों, ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और अन्य घटनाओं को समझे बिना किया गया है, जिससे सावरकर के जीवन और राजनीतिक संघर्ष की अधूरी और गलत तस्वीर पेश होती है। नोटिस में पृष्ठ 443 के एक बयान पर भी आपत्ति जताई गई है, जिसमें कथित तौर पर सावरकर के राजनीतिक और वैचारिक दर्शन को सरलीकृत और गलत तरीके से पेश किया गया है। नोटिस के अनुसार, दोनों पृष्ठों के बयानों को एक साथ पढ़ने से सावरकर की गलत छवि बनती है, जिससे पाठकों के गुमराह होने की संभावना है।
नोटिस में सोनिया गांधी से इसे प्राप्त होने के 15 दिनों के भीतर मांगों का पालन करने को कहा गया है। इसमें कहा गया है कि ऐसा न करने या मांगों को मानने से इनकार करने पर सत्यकी सावरकर सक्षम अदालत या प्राधिकरण के समक्ष उचित कानूनी कार्यवाही शुरू कर सकते हैं और कानूनी उपाय अपना सकते हैं।
