विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कानपुर में 64 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। अहिरवां स्थित सिद्धार्थ पैलेस में 35 करोड़ रुपये और यशोदानगर स्थित अटूट बंधन गेस्ट हाउस में 29 करोड़ रुपये के कार्य शामिल हैं। इस मौके पर उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनाव के लिए एकजुट होने और मतदाता बढ़ाने के अभियान में जुटने का आह्वान किया।

महाना ने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में अब केवल 90 दिन शेष हैं। आपसी भेदभाव भुलाकर सबको एकजुट होना चाहिए और सबसे पहले मतदाता बढ़ाने के अभियान पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि विश्वास के साथ काम करें, लेकिन अति विश्वास में न रहें।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जनता ने जिस प्रतिनिधि को चुना है, उसका दायित्व क्षेत्र का विकास, सुरक्षा, शिक्षा और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। पुराने राजनीतिक दौर पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पहले जनता अपने जनप्रतिनिधि से मिलने में डरती थी, लेकिन आज वह स्वयं जनता के बीच रहते हैं। उन्होंने कहा कि 36 वर्षों से जनता से जो विश्वास का रिश्ता कायम किया है, उसी पर आगे भी काम करेंगे।

कार्यक्रम में खंडवा से आई महाराजपुर की विस्तारक कंचन तन्मय, अनीता परमार, नंदू शुक्ला, संजय तिवारी समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।