पुणे में कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को वीर सावरकर पर कथित रूप से गलत और मानहानिकारक टिप्पणी को लेकर कानूनी नोटिस भेजा गया है। यह नोटिस सावरकर के पड़पोते सत्यकी सावरकर ने भेजा है, जिसमें सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में किए गए दावों के तथ्य या सबूत मांगे गए हैं। सत्यकी सावरकर के वकील के मुताबिक, किताब के पेज 201 और 443 पर वीर सावरकर के बारे में गलत जानकारी दी गई है।

सत्यकी सावरकर ने सोनिया गांधी को जवाब देने के लिए 15 दिन का समय दिया है। जवाब न मिलने पर वह पुणे जिला अदालत में याचिका दाखिल करेंगे। वकील कोल्हटकर ने बताया कि नोटिस भेजने का मकसद किताब में किए गए दावों का आधार पूछना और उन्हें साबित करने वाले तथ्य या सबूत मांगना है। उन्होंने साफ किया कि फिलहाल कानूनी कार्रवाई का मुख्य आधार मानहानि है और यह विशेष रूप से वीर सावरकर की मानहानि के आरोप पर केंद्रित है।

कोल्हटकर ने कहा कि वे आगे रिसर्च कर रहे हैं, क्योंकि अन्य कानूनी प्रावधान भी लागू हो सकते हैं, और उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले शिवसेना नेताओं शाइना एनसी, संजय निरुपम और आनंद दुबे ने किताब के पन्ने फाड़कर प्रतीकात्मक विरोध किया था और प्रकाशक हार्परकॉलिन्स से पेज 201 और 443 पर मौजूद अंश हटाने की मांग की थी। सोनिया गांधी की संस्मरण किताब का औपचारिक लॉन्च 16 नवंबर को नई दिल्ली में एक पब्लिक इवेंट में हुआ था।