केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने नई शिक्षा नीति के तहत नौवीं और दसवीं कक्षा में व्यावसायिक शिक्षा को अनिवार्य कर दिया है। यह बदलाव नौवीं कक्षा में शैक्षणिक सत्र 2026-27 से और दसवीं में सत्र 2027-28 से लागू होगा। वर्ष 2027 में दसवीं की बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों पर यह नियम लागू नहीं होगा। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को किताबी पढ़ाई के साथ व्यावहारिक और रोजगारपरक कौशल से जोड़ना है।

नए पाठ्यक्रम के अनुसार नौवीं के विद्यार्थियों को कुल नौ विषय पढ़ने होंगे, जिनमें तीन भाषाओं के साथ गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषय शामिल हैं। कला शिक्षा, शारीरिक शिक्षा और व्यावसायिक शिक्षा को भी अनिवार्य पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। व्यावसायिक शिक्षा के लिए विद्यार्थी कौशल विकास कार्यक्रम चुन सकेंगे या बोर्ड द्वारा निर्धारित 22 कौशल आधारित विषयों में से किसी एक को चुन सकेंगे।

इन विषयों में सूचना प्रौद्योगिकी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बैंकिंग एवं बीमा, पर्यटन, खुदरा कारोबार, सुरक्षा, इलेक्ट्रॉनिक्स एवं हार्डवेयर, डाटा साइंस, स्वास्थ्य देखभाल, कृषि तथा डिजाइन थिंकिंग एवं नवाचार जैसे विषय शामिल हैं। नौवीं में चुने गए व्यावसायिक विषय को दसवीं में भी जारी रखना होगा। इसका मूल्यांकन स्कूली स्तर पर आंतरिक रूप से होगा, लेकिन विद्यार्थियों को चयनित कौशल विषय की दसवीं की बोर्ड परीक्षा भी देनी होगी।

सीबीएसई के नए पाठ्यक्रम में विद्यार्थियों की रुचि और क्षमता के अनुरूप शिक्षा पर विशेष जोर दिया गया है। अब तक स्कूली शिक्षा में मुख्य रूप से गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे अकादमिक विषयों पर अधिक ध्यान दिया जाता था, जबकि नई व्यवस्था में कला, खेल, शारीरिक गतिविधियों और व्यावसायिक कौशल को भी समान महत्व दिया गया है। इससे विद्यार्थियों को कम उम्र में ही अपनी रुचि पहचानने और भविष्य के रोजगारपरक विकल्पों को समझने का अवसर मिलेगा।