कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने परिसीमन बिल को लेकर सभी राजनीतिक दलों और सांसदों से संसद में इसका विरोध करने की अपील की है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि जो भी दल या नेता इस बिल को पास कराने में मदद करेगा, वह जनता के जनादेश के साथ बड़ा धोखा करेगा। सीजेपी का आरोप है कि परिसीमन की आड़ में लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों की सीमाएं सत्ताधारी दल के फायदे के हिसाब से बदली जा सकती हैं। पार्टी ने इसे लोकतंत्र और चुनावी व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा बताया है।

सीजेपी के मुताबिक, प्रस्तावित परिसीमन में सबसे चिंताजनक पहलू निर्वाचन क्षेत्रों का इस तरह दोबारा निर्धारण करना है, जिससे सत्ताधारी पार्टी को राजनीतिक लाभ मिल सके। इसे चुनावी नक्शे में हेरफेर यानी 'जेरीमैंडरिंग' कहा जाता है। पार्टी का कहना है कि निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं इस तरह बदली जा सकती हैं कि कुछ क्षेत्रों में खास मतदाताओं को एक साथ कर दिया जाए और दूसरे क्षेत्रों में उन्हें अलग-अलग बांट दिया जाए। इससे कुल पड़े वोटों की संख्या में बदलाव किए बिना भी चुनाव का नतीजा प्रभावित किया जा सकता है।

केंद्र सरकार ने 30 नवंबर से संसद का चार दिवसीय विशेष सत्र बुलाया है। इस दौरान सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए तीन विधेयक लाने की तैयारी में है। प्रस्तावित व्यवस्था में प्रत्येक राज्य की सीटों में 50 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का भी जिक्र है। सीजेपी ने आरोप लगाया कि अगर इस प्रक्रिया में पर्याप्त सुरक्षा उपाय नहीं किए गए और स्वतंत्र निगरानी नहीं रखी गई, तो इसका इस्तेमाल भाजपा को लंबे समय तक चुनावी बढ़त दिलाने के लिए किया जा सकता है।

पार्टी ने मतदाता सूची में किए जा रहे एसआईआर का मुद्दा भी उठाया और मतदाताओं के नाम गलत तरीके से काटे जाने, गड़बड़ियों और पारदर्शिता की कमी के आरोप लगाए। सीजेपी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को प्रस्तावित परिसीमन आयोग की प्रक्रिया से जोड़ने पर सवाल उठाते हुए उन्हें लोकतांत्रिक नियमों के साथ विश्वासघात करने वाला बताया। सीजेपी नेता आशुतोष रांका ने कहा कि केवल सीटें बढ़ने के आधार पर बिल का समर्थन करना सही नहीं है। वहीं, नेता सौरव दास ने कहा कि पार्टी महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन इसे परिसीमन से जोड़ना असल मुद्दे से ध्यान भटकाने का तरीका है।