परिसीमन बिल का विरोध कर रहे राहुल गांधी पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा है कि अगर 2024 का चुनाव फर्जी था तो राहुल गांधी को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने नेता प्रतिपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि राहुल गांधी झूठ बोलने के मामले में ‘सुपर पीएचडी’ हैं और उनका पूरा बयान एक हताश तथा पूरी तरह से अराजक नेता का है। प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी अराजक हैं और उन्होंने पूरी जिम्मेदारी के साथ कहा कि राहुल गांधी और उनकी पार्टी महिला विरोधी हैं।
भाजपा नेता ने सभी विपक्षी दलों से महिला आरक्षण विधेयक का समर्थन करने की अपील की और भरोसा जताया कि बिल पास हो जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के महिला सशक्तिकरण संबंधी प्रयास वैश्विक चर्चा का विषय हैं। उनके द्वारा लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण देने का निर्णय लिया गया है और इस पर फिलहाल काम चल रहा है। कई अन्य राजनीतिक पार्टियों ने भी समर्थन देने का वचन दिया है।
इससे पहले कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आरोप लगाया था कि भाजपा परिसीमन को हथियार बनाकर लोकसभा की सीटें 543 से बढ़ाकर 850 कर निर्वाचन क्षेत्रों को अपने राजनीतिक हितों के अनुसार बदलते हुए विपक्षी दलों, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के प्रतिनिधित्व को प्रभावित करना चाहती है। शनिवार को पार्टी मुख्यालय इंदिरा भवन में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा पहले से ही चुनावों में वोट चोरी कर रही है और अब उसने इसके लिए नया रास्ता निकालने की योजना बनाई है।
राहुल गांधी ने कहा कि लोकसभा की सीटें 850 करना लोकतंत्र को खत्म करने की भाजपा की योजना का प्रतीक है और इससे उसे देश के निर्वाचन क्षेत्रों का नक्शा अपनी सुविधा के अनुसार फिर से तैयार करने की व्यापक छूट मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा अभी भी चुनावों में धांधली कर सकती है, लेकिन अब देश जानता है कि चुनावों में धांधली हो रही है। उन्होंने दावा किया कि उनके सर्वेक्षण के अनुसार देश के 80 प्रतिशत लोग और लगभग 100 प्रतिशत जेनरेशन जेड का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार चुनाव चोरी करते हैं और अब उन्होंने बच निकलने का नया रास्ता तलाश किया है।
