मुजफ्फरनगर के पूर्व सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने परिसीमन विधेयक का समर्थन किया है। उन्होंने इसे जनता के हित में और ऐतिहासिक फैसला बताया। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता बालियान ने कहा कि एक लोकसभा क्षेत्र में अब 20-22 लाख मतदाता हो चुके हैं, जबकि पहले यह संख्या 5-6 लाख हुआ करती थी। निर्वाचन क्षेत्र का दायरा कम होने से सांसद बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में भी लोकसभा में सांसदों की संख्या इतनी ही थी, जबकि तब से देश की आबादी दोगुनी से भी अधिक हो चुकी है। उन्होंने विपक्ष द्वारा इस बिल का विरोध करने का कारण समझ न आने की बात कही।
पूर्व सांसद ने महिला आरक्षण बिल का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि परिसीमन विधेयक के साथ महिला आरक्षण भी संसद के विशेष सत्र में आ रहा है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धता थी, जो अब पूरी होगी और सांसदों की संख्या भी बढ़ेगी।
बालियान ने कहा कि देश के जो भी काम लंबित हैं, वे प्रधानमंत्री की प्राथमिकता में रहे हैं। उन्होंने सभी सांसदों से इसका समर्थन करने की अपील की।
