परिसीमन विधेयक पर चल रही बहस के बीच शिवसेना (यूबीटी) ने अपने सभी सांसदों के लिए तीन-लाइन का व्हिप जारी किया है। पार्टी ने सांसदों को रविवार शाम चार बजे पार्टी कार्यालय में होने वाली संसदीय दल की बैठक में हिस्सा लेने का निर्देश दिया है। इस बैठक में 132वें संविधान संशोधन विधेयक और परिसीमन विधेयक पर चर्चा होनी है।
व्हिप में कहा गया है कि इस विधेयक को लेकर काफी कुछ दांव पर लगा है। जिन मुद्दों पर चर्चा होनी है, उनकी अहमियत और तात्कालिकता को देखते हुए सभी लोकसभा सांसदों का मौजूद रहना अनिवार्य बताया गया है। सांसदों को सख्त चेतावनी भी दी गई है कि व्हिप का पालन न करने पर गंभीरता से लिया जाएगा और अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है, जिसमें संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत कार्यवाही भी शामिल हो सकती है।
इससे पहले शनिवार को महाराष्ट्र के मंत्री संजय शिरसाट ने कहा था कि शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) को परिसीमन विधेयक का समर्थन करना चाहिए। उन्होंने इस मुद्दे पर उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली पार्टी के रुख को भ्रमित करने वाला बताया और दावा किया कि इस विधेयक से सभी को लाभ होगा।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को महिला आरक्षण से जुड़े परिसीमन के एक नए विधेयक को मंजूरी दी थी। इसमें सभी राज्यों में लोकसभा सीटों की संख्या में समान रूप से 50 प्रतिशत वृद्धि और सदन की अधिकतम सदस्य संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रस्ताव है। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से शुरू होना है। सूत्रों के अनुसार, विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन ने शरद पवार को परिसीमन विधेयक और भाजपा नीत राजग को समर्थन देने से रोकने के लिए मनाने की जिम्मेदारी उद्धव ठाकरे और ममता बनर्जी को सौंपी है। शिवसेना (यूबीटी) के एक नेता के मुताबिक, पवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के साथ बने रहने के लिए मनाने की कोशिशें सोमवार सुबह तक जारी रहेंगी।
